अमित शाह ने मनिका और लोहरदगा ने दो सभाएं कर झारखण्ड में चुनावी शंखनाद कर दिया

* *रघुवर दास ने झारखण्ड से नक्सलवाद का सफाया कर दिया : अमित शाह
ओम प्रकाश रावत विंढमगंज
झारखंड /मनिका /बरवाडीह । भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह ने कहा कि रघुवर दास ने झारखंड को नक्सल मुक्त राज्य बना कर सूबे का विकास सुनिश्चित किया है। यहां सड़के बनीं। गांव तक बिजली पहुंची। ऐसा इसलिए संभव हुआ क्योंकि आपने केंद्र में मोदी सरकार को बनाया और यहां रघुवर दास को मौका दिया। श्री शाह गुरुवार को लातेहार के मनिका प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय मैदान में भाजपा की रैली को संबोधित रहे थे। इसी के साथ भाजपा ने झारखण्ड में पांच चरणों में होने वाले विधानसभा चुनावों के प्रचार अभियान का श्रीगणेश कर दिया।विपक्ष पर प्रहार करते हुए श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा आदिवासियों और पिछड़ों की बात करते हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि 70 साल तक आपने शासन किया, गरीब के घर में गैस, बिजली, स्वास्थ्य कार्ड, शौचालय क्यों नहीं पहुंचा? इनके पास कोई बात का जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बिरसा मुंडा की जन्मस्थली और कर्म स्थली पर उनके सम्मान में स्मारक बनाया और 2018 में पहली बार 70 साल के बाद मनिका में डिग्री कॉलेज की स्वीकृति देने का काम किया।_
श्री शाह ने अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए कहा कि आज लातेहार से भारतीय जनता पार्टी के चुनाव अभियान का प्रारंभ हो रहा है। मुझे आनंद है कि जहां चुनाव प्रचार होता है वहां लोग ही लोग दिखते हैं। अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरूआत भारत माता की जय से की…उन्होंने कहा कि मेरे साथ बोलिए भारत माता की जय… मोदी जी दिल्‍ली में हैं, उनके तक यह आवाज पहुंचनी चाहिए..प्रचंड आवाज से बोलिए भारत माता की जय।_
शाह ने कहा कि मैं झारखंड भाजपा को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने प्रचार अभियान के शुभारंभ के लिए उस भूमि को चुना, जो भूमि भगवान बिरसा मुंडा, नीलाम्बर-पीताम्बर की भूमि है, राजा मेदिनी राय की भूमि है, जिन्होंने देश के अपना सबकुछ न्यौछावर किया है। मैं लातेहार की क्रांतिकारी भूमि को प्रणाम करता हूं।_
श्री शाह ने बताया कि झारखंड की रचना तब हुई जब दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी, दिल्ली में अटल जी की सरकार बनी…अटल जी ने झारखण्ड का निर्माण करके झारखण्ड के लोगों को उनका अधिकार दिया। झारखंड को अधिकार देने का काम अटल बिहारी वाजपेयी की नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने किया।_
उन्होंने कहा कि आपका वोट विकास करने वाला है, आपका वोट झारखंड को आगे ले जाने वाला है। आप ये मत सोचना कि आप विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री चुनने जा रहे हैं। शाह भाजपा अध्‍यक्ष ने कहा कि आपका एक वोट ये तय करेगा कि अगले 5 साल में झारखंड में किसकी सरकार बनेगी। आप ये मत सोचना कि आप विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री चुनने जा रहे हैं। मेरा आप सबसे कहना हैं कि आपका एक वोट झारखंड के विकास के लिए है, झारखंड को आगे बढ़ाने वाला है। शाह ने पिछड़ा समाज के लोगों को अधिक से अधिक आरक्षण का लाभ दिलाने की बात की। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देशभर में आदिवासियों के लिए 438 एकलव्य विद्यालय बनाए हैं।_
उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत जी आज आदिवासी भाई-बहनों की बात करते हैं, मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि आप किसके साथ बैठे हो उस पार्टी के साथ जिसने 70 सालों में देश और आदिवासी भाइयों को लूटने का काम किया है। जबकि झारखण्ड में डबल इंजन की सरकार ने आदिवासी भाइयों-बहनों के लिए बहुत काम किए हैं। 5 साल के अंदर आदिवासियों का गौरव बढ़ाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड की हमने रचना की, इस फंड से 32 हजार करोड़ रुपये आदिवासी भाइयों-बहनों के विकास के लिए दिए गए।_
श्री शाह ने कहा कि वोट के लालच में कांग्रेस ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 का समाधान नहीं निकाला। मोदी जी की सरकार ने भारत माता के मुकुट पर लगे इस कलंक को हटाकर इस समस्या का समाधान कर दिया। उन्होंने वहां मौजूद जनता से पूछा कि आप बताइए, राम मंदिर बनना चाहिए कि नहीं? मगर ये कांग्रेस पार्टी न्यायालय में केस ही नहीं चलने देती थी। अभी सुप्रीम कोर्ट ने सर्वानुमति से यह निर्णय कर दिया है। अब राम जन्मभूमि पर आसमान छूने वाला मंदिर बनेगा। हम चाहते थे कि निर्णय न्यायालय करे, संवैधानिक रूप से इस विवाद का अंत हो और देखिए सुप्रीम कोर्ट ने इसका समाधान कर दिया और भव्य राम मंदिर के निर्माण का प्रशस्त कर दिया। वही श्री शाह ने लोकसभा चुनाव में 12 सीटों पर जीत दिलाने के लिए झारखंड की जनता को धन्यवाद दिया।_
बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह के साथ सूबे के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम माथुर भी मौजूद थे। मनिका के बाद लोहरदगा में भाजपा प्रत्याशी सुखदेव भगत के लिए शाह ने जनता से वोट माँगा।_

Translate »