भोर में हुआ भीषण हादसा, मौके पर पहुंचे ग्रामीणों में मुर्गे लूटने की मची होड़
घायल चालक को पुलिस ने पहुंचाया जिला अस्पताल
मोहन गुप्ता
गुरमा-सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र की गुरमा पुलिस चौकी अंतर्गत मारकुंडी पुरानी घाटी में सोमवार की भोर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुर्गों से लदी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। इस भीषण हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन में लदे सैकड़ो मुर्गों की मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आरोप है कि दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे कई ग्रामीण मृत एवं जीवित मुर्गों को उठाकर अपने घर ले जाने लगे। हादसे के बाद घाटी में अफरा- तफरी का माहौल बना रहा।
नौगढ़ से छत्तीसगढ़ जा रही थी पिकअप


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक नौगढ़ स्थित एक पोल्ट्री फार्म से मुर्गे लादकर छत्तीसगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान सोमवार की भोर मारकुंडी की पुरानी घाटी उतरते समय वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में लदे सैकड़ो मुर्गों की जान चली गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मुर्गे उठाने की मची होड़
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि हादसे के बाद राहत एवं बचाव की स्थिति के बीच कुछ लोग मुर्गों को उठाकर अपने घर ले जाने लगे। इस घटनाक्रम ने दुर्घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा कर दी। वहीं, वाहन के खाई में पलटने से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन नहीं हो सका।
डायल पुलिस ने घायल चालक को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना डायल पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। हालांकि, हादसे में घायल चालक की पहचान और उसकी वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal