कानून व्यवस्था, विकास व बेहतरीन बुनियादी सुविधाएं भाजपा की शीर्ष प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

सुरभी चतुर्वेदी की रिपोर्ट

इन्हीं मुद्दों पर निकाय चुनाव में जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे भाजपा के प्रत्याशी


पीएम मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में 9 वर्षों में देश-प्रदेश में लोगों ने माहौल बदलते देखा है


निकाय प्रमुख के साथ भाजपा के बहुमत का बोर्ड भी बनवाना है : सीएम योगी


महानगर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर निकाय चुनाव की तैयारियों का जाना हाल


मंडल अध्यक्षों से लिया तैयारियों का फीडबैक


निकाय चुनाव में प्रचंड जीत के लिए मुख्यमंत्री ने दिए टिप्स



कहा, कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाना है : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

वाराणसी वाराणसी महानगर के सभी 100 वार्डो के साथ ही गंगापुर नगर पंचायत के चेयर मैन पद सहित 10 वार्डो के चुनावों में बीजेपी का परचम फहराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रमुख कार्यकर्ताओ संग बैठक की। यह बैठक क्षेत्रीय कार्यालय रोहनिया में सम्पन्न हुई। बैठक में सीएम योगी ने अब तक हुई चुनावी तैयारियों का हाल जाना और जीत के लिए जरूरी टिप्स दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारे पास कानून व्यवस्था और विकास का बेहद मजबूत आधार है। मजबूत कानून व्यवस्था, विकास, बेहतरीन बुनियादी सुविधाएं व जनकल्याण भाजपा की शीर्ष प्राथमिकता है। निकाय चुनाव में इन्हीं मुद्दों पर भाजपा के प्रत्याशी जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। हमें सिर्फ हर निकाय प्रमुख पद पर ही जीत दर्ज करने पर ही केंद्रित नहीं होना है बल्कि सभी निकायों में भाजपा के स्पष्ट बहुमत का बोर्ड बनवाने पर भी गंभीरता से ध्यान देना है। उन्होंने सभी भाजपा प्रत्याशियों को विजय हासिल करने की शुभकामनाएं भी दीं। शाम चार बजे से शुरू बैठक में मुख्यमंत्री ने वाराणसी महानगर एवं नगर पंचायत गंगापुर में निकायों में अब तक हुई चुनावी तैयारियों की मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों एवं चुनाव संचालन समिति के लोगों से विस्तार से जानकारी ली। बैठक वाराणसी के निकाय चुनाव पर केंद्रित रही। बैठकों में प्रत्याशियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के बाद सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में 9 वर्षों में लोगों ने देश, प्रदेश, काशी के बदलते माहौल को देखा है। काशी प्राचीन काल से आध्यात्मिक एवं लोगों के आस्था की नगरी है। काशी ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखा है। काशी एक नई आभा के साथ वैश्विक पटल पर अपनी अमिट छाप छोड़ रही है। देश का नागरिक ही नहीं, बल्कि दुनियां के नागरिक भी काशी आने के लिए लालायित हैं। जी-20 सम्मिट में बीस देशों के साथ अन्य सोलह देशों के नागरिक भी भारत में आए, जी 20 सम्मेलन भी काशी हुआ और इसके पहले प्रवासी भारतीय सम्मेलन भी काशी में हुआ। विश्वनाथ धाम बनने के बाद काशी अपने पुरातन स्वरूप को संजोते हुए आधुनिक पहचान को दुनिया के सामने रख रही है। यहां आने के पूर्व मैं आज काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए गया तो मैंने देखा कि धाम में भीड़ उमड़ी है लाखों की संख्या में श्रद्धालु विश्वनाथ धाम आ रहे है देश और दुनिया की आस्था काशी के साथ जुड़ी है जिसको बनाएं रखना हम काशीवासियों की जिम्मेदारी है। हमें गौरव की अनुभूति हो रही हैं कि हमें मोदी जी का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन मिल रहा है। काशी में विकास की प्रत्येक योजना आ रही है धरातल पर ये योजना उतरें इसके लिए जरूरी है कि डबल इंजन के साथ ट्रिपल इंजन भी इसमें जुड़ जाए। इसी बदलते माहौल में इस बार के नगर निकाय चुनाव में आपके साथ भाजपा की डबल इंजन सरकार की ताकत है। इस चुनाव में एक और इंजन जोड़कर हर निकाय क्षेत्र में ट्रिपल इंजन सरकार का गठन करना है। जनता के बीच यह संदेश स्पष्ट होना चाहिए कि ट्रिपल इंजन सरकार विकास और जनकल्याण को बुलेट ट्रेन की रफ्तार देने की गारंटी होगी। उन्होंने कहा कि सभी निकायों में अभूतपूर्व विकास कार्यों व जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों की वृहद सूची है। जन संवाद स्थापित कर सरकार की उपलब्धियों को परिणाम में परिलक्षित करने की जिम्मेदारी से हर एक कार्यकर्ता को जुड़ना होगा।

कानून व्यवस्था और विकास ही मुद्दा


बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चुनाव में मजबूत कानून व्यवस्था और बिना भेदभाव विकास, जनकल्याण ही मुद्दा होगा। हमें सिर्फ इस पर ही ध्यान देना है। सुरक्षा के माहौल में खूब विकास हो रहा है और सभी पात्रों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यह जनता खुद देख रही है। कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दे के साथ जनता के बीच बने रहना है।

निकायों में और विकास लाएगा कमल निशान


सीएम योगी ने कहा कि चुनाव के दौरान लोगों को यह बताएं कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार ने क्या किया है और क्या कर रही है? यह संदेश स्पष्ट होना चाहिए कि कमल निशान जीतेगा तो और विकास लेकर आएगा। एक-एक योजना की उपलब्धि सब तक पहुंचनी चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में मौजूद लोगों में जोश भरते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और केंद्र व प्रदेश सरकार के कार्यों के बल पर अब निकाय चुनाव में भी विधान सभा चुनाव की तरह परिणाम आएगा। हर नगर निगम में भाजपा का महापौर, निकाय में चेयरमैन और बहुमत का बोर्ड भी भाजपा का बनाना है। जनहित में ऐसा होना जरूरी भी है। इसलिए सभी को बिना रुके, बिना थके, बिना डिगे सतत अपने लक्ष्य के प्रति आगे बढ़ते रहना है।
बिना भेदभाव विकास, हर पात्र को योजनाओं का लाभ


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जन आकांक्षाओं के अनुरूप नए नगर निकायों का सृजन किया है। कई पुरानी निकायों का सीमा विस्तार किया है। इसके साथ ही बिना भेदभाव विकास की अनेक योजनाओं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर एक तबके तक पहुंचाया गया है। एक-एक नगर निकाय में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) से हजारों गरीबों के पक्के मकान बनाए गए हैं। करोना काल से अब तक 80 करोड़ लोगों को हर वर्ष मुफ्त राशन मुहैया कराया जा रहा है। अमृत योजना से शुद्ध पेयजल के लिए नल के कनेक्शन दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बड़े पैमाने पर व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। नगरीय क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था की गई। पटरी कारोबारियों की समृद्धि के लिए पीएम स्वनिधि योजना का लाभ दिलाया गया। शहरी आजीविका मिशन से स्वयं सहायता समूहों और लघु उद्यमों को आत्मनिर्भरता की राह दिखाई गई। बेसहारा गोवंश के लिए गोआश्रय स्थल खोले गए। अंत्येष्टि स्थल पर सुविधाओं का विकास किया गया। इतना ही नहीं, नवसृजित व विस्तारित निकायों में सीएम नगर सृजन योजना से अनेक विकास कार्य भी शुरू किए गए।

हर मतदाता को मतदान के लिए करें प्रेरित


मुख्यमंत्री ने कहा निकाय क्षेत्र की जनता अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव महसूस कर रही है। हम सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि हम अपने-अपने क्षेत्र में हर मतदाता को मतदान के लिए प्रेरित करें। चुनाव प्रचार के साथ ही मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का अभियान भी सतत चलते रहना चाहिए। अधिकाधिक मतदान लोकतंत्र की समृद्धि के लिए भी आवश्यक है। गर्मी होने के बावजूद मतदान प्रतिशत बढ़ाने में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।
सुबह-शाम वार्ड में जनसंपर्क, दोपहर करें टोली संवाद


सीएम योगी ने चुनाव में जीत का फॉर्मूला समझाते हुए जनसंर्पक और संवाद पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए वार्डों में सभी प्रत्याशी, वार्ड अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी सुबह-शाम डोर टू डोर जनसंर्पक करें। दोपहर में सामाजिक टोली के रूप में अलग अलग वर्गों यथा अधिवक्ता, शिक्षक, चिकित्सक, व्यापारी, उद्यमी आदि के साथ बैठक कर संवाद करें। कोई भी समुदाय छूटना नहीं चाहिए। हर व्यक्ति तक मजबूत कानून व्यवस्था और विकास से आए बदलाव का संदेश पहुंचना चाहिए।

सांसद-विधायक जिताएं अपने निकाय क्षेत्र, ग्रामीण कार्यकर्ताओं को भी लगाएं


बैठकों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं। हर कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने सभी सांसदों, विधायकों को लक्ष्य देते हुए कहा कि सांसद-विधायक अपने अपने क्षेत्र के निकाय में पार्टी प्रत्याशी की जीत दर्ज कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने संगठन पदाधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को भी निकाय चुनाव में लगाकर उन्हें जिम्मेदारी दी जाए।
नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से बनाएं माहोल


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर वार्ड में एक नुक्कड़ सभा होनी चाहिए जिससे पार्टी के पक्ष में सकारात्मक माहोल बनेगा।
स्वागत भाषण एवं विषय प्रस्तावना रखते हुए भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश भयमुक्त एवं भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण की अनुभूति कर रहा है। हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि आज यहां हमें मुख्यमंत्री जी का मार्गदर्शन मिल रहा है।
संचालन महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने व धन्यवाद ज्ञापन जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई इसके पश्चात नम्रता चौरसिया ने वंदे मातरम का गान किया।
ये थे मंचासीन


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महापौर प्रत्याशी अशोक तिवारी, चेयरमैन प्रत्याशी स्नेहलता सेठ, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, डॉ दयाशंकर मिश्र “दयालू”, पूनम मौर्या, एमएलसी अशोक धवन, विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक गण सौरभ श्रीवास्तव, अवधेश सिंह, टी.राम, सुनील पटेल, प्रदेश मंत्री द्वय शंकर गिरी,मीना चौबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, अशोक चौरसिया, सुशील त्रिपाठी, जगदीश त्रिपाठी मंचासिन रहे।

इनकी रही विशेष उपस्थिति
**शतरुद प्रकाश शिवनाथ यादव, चेतनारायण सिंह, केदार नाथ सिंह, सुरेंद्र नारायण सिंह, डॉ वीणा पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, संजय राय, राकेश शर्मा,नवरतन राठी,
संतोष सोलापुरकर, राजेश राजभर, श्रीप्रकाश शुक्ला, संजय सोनकर, प्रवीण सिंह गौतम, सुरेश सिंह, शैलेंद्र मिश्रा, किशोर सेठ, नंदजी पाण्डेय सहित सभी वार्डों के भाजपा प्रत्याशी, वार्ड संयोजक, वार्ड प्रभारी, प्रदेश, क्षेत्र ,जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Translate »