मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपदवासियों के नाम पाती भेजी है।

मुख्यमंत्री की पाती अपने नाम प्राप्त कर लोगो के खुशी का ठिकाना न रहा

वाराणसी।जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री की पाती घर-घर जाकर लोगों को पहुंचाई वाराणसी। देश की स्वाधीनता के 75 वर्ष पूर्ण होने के शुभ अवसर पर पूरे देश में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम पाती भेजी है। इसी श्रृंखला में आज शनिवार को सूचना विभाग द्वारा मुख्यमंत्री की जनपदवासियों के नाम भेजी गई पाती प्राप्त हुआ। जिसे जिला प्रशासन ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगो में अधिकारियों के माध्यम से घर-घर वितरण सुनिश्चित कराया। मुख्यमंत्री की लिफाफे में प्राप्त पाती प्राप्त कर हर व्यक्ति फूले नहीं समा रहा था और उसकी खुशी का ठिकाना न रहा। जैसे ही अधिकारियों ने लोगों को मुख्यमंत्री की पाती उपलब्ध कराई, लोग उत्सुकता के साथ लिफाफा से मुख्यमंत्री की पाती निकालकर पढ़ने लगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पाती में लोगों को संबोधित करते हुए लिखा है कि प्रदेश के मेरे प्रिय भाईयो-बहनों! देश की स्वाधीनता के 75 वर्ष पूर्ण होने के सुअवसर पर इन दिनों पूरा देश 'आजादी का अमृत महोत्सव'

मना रहा है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व एव प्रेरणादायी मार्गदर्शन में विगत 12 मार्च, 2021 से प्रारम्भ इस महोत्सव में हर जाति, मत, मजहब, भाषा और सम्प्रदाय के लोगों की सहज भाव से हो रही सहभागिता ने इस महोत्सव को राष्ट्रोत्सव का स्वरूप प्रदान किया है। इतिहास के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर स्वाधीनता संग्राम में अपने जीवन की आहुति देने वाली सभी ज्ञात-अज्ञात विभूतियों के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन का सौभाग्य हमे प्राप्त हो रहा है।
भाइयों-बहनो! किसी भी राष्ट्र का इतिहास उसके वर्तमान और भविष्य की नींव होता है। किसी राष्ट्र का भविष्य तभी उज्ज्वल होता है जब वह अपने अतीत के अनुभवों और विरासत के गर्व से जुड़ा रहता है। आजादी का यह अमृत महोत्सव इसी चेतना के अमृत से नई पीढ़ी को अनुप्राणित करने का अवसर है।आगामी 11 से 17 अगस्त तक पूरे प्रदेश में ‘स्वतंत्रता सप्ताह’ का आयोजन होगा। इसी अवधि में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान भी आयोजित हो
रहा है। प्रदेश ने तय किया है कि इस अभियान के तहत 4.50 करोड़ घरों पर भारत की आन-बान एवं शान का प्रतीक राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। इस अभियान का हिस्सा बनकर आप अपने घर पर तिरंगा जरूर फहराएं। तिरंगा हमे जोड़ता है, हमें देश के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित करता है। अभिभावकों को चाहिए कि अपने बच्चों को तिरंगे का महत्व समझाएं। वास्तव में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ में हो रहे इन सारे आयोजनों का सबसे बड़ा संदेश यही है कि हम सभी अपने कर्तव्य-दायित्व को समझे और पूरी निष्ठा से उनका पालन करते हुए सभी नागरिकों को देश एवं
समाज की एकजुटता तथा उन्नति के साथ अपनी संस्कृति व मातृभूमि के साथ समभाव होने के लिए प्रेरित करें।
आइए.. समरस भाव से ‘नए भारत के नए उत्तर प्रदेश’ की समृद्धि में सहभागी बनकर देश, समाज और स्वयं के उत्थान का पथ प्रशस्त करें।

Translate »