बिजली की हाईटेंशन टावर पर चढ़ा सिरफिरा आशिक, हड़कंप।

प्रयागराज-लवकुश शर्मा

प्रयागराज: मऊआइमा के छाता गांव निवासी एक सरफिरा आशिक की करतूत से गांव के लोग और पुलिस वाले सकते में हैं। युवक ने एक लड़की को मोबाइल पर अपने इश्क का इजहार किया। लड़की ने घरवालों को बताया तो उसके परिजन शिकायत लेकर युवक के घर पहुंच गए। इससे नाराज युवक घर से कुछ दूर पर स्थित बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। सिरफिरे आशिक की करतूत से गांव में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस और ग्रामीण उसे नीचे उतारने के लिए मनाने लगे। लगभग चार घंटे की मशक्‍कत के बाद वह नीचे उतरा।

मऊआइमा के छाता गांव निवासी राजकुमार का उन्नीस वर्षीय बेटा रविंद्र चौहान है। रविंद्र ने बुधवार सुबह एक लड़की को मोबाइल पर कॉल कर प्रेम का इजहार किया। लड़की ने फटकार लगाते हुए कॉल काट दी और घरवालों को उसकी करतूत बताई। इस पर लड़की के घरवाले शिकायत लेकर रविंद्र के घर पहुंचे।

घरवालों से शिकायत होते देख रविंद्र वहां से भाग निकला और घर से कुछ दूरी पर गुजरे हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। यह देखकर गांव के लोग और रविंद्र के घर वाले पहुंचे और उससे नीचे उतरने की फरियाद की। लेकिन वह किसी भी सूरत में नीचे उतरने को तैयार नहीं था। सूचना पर मऊआइमा पुलिस भी पहुंची। चार घंटे की मशक्‍कत के बाद दोपहर लगभग दो बजे युवक टावर से नीचे उतरा।

Translate »