आउटसोर्स कर्मियों के हितों की सुरक्षा और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
उ.प्र. आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो, वेबसाइट एवं पोर्टल का शुभारम्भ
रिपोर्टर पुरुषोत्तम चतुर्वेदी वाराणसी।
वाराणसी के आयुक्त सभागार ऑडिटोरियम में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम से संबंधित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय मंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे। इस अवसर पर पिण्डरा विधानसभा के विधायक अवधेश सिंह, जिला पंचायत प्रशासक पूनम मौर्या तथा विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन माननीय मुख्यमंत्री की गरिमामय उपस्थिति में लोक


भवन प्रेक्षागृह, लखनऊ में किया गया, जिसका लाइव प्रसारण वाराणसी के आयुक्त सभागार में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आउटसोर्स कर्मियों को कराया गया। मुख्य कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण, वेबसाइट एवं पोर्टल का शुभारम्भ किया गया। साथ ही आउटसोर्स कर्मियों के हित में बढ़े हुए पारिश्रमिक, EPF/ESIC, बीमा, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, सेवा संरक्षण, प्रशिक्षण एवं बेहतर रोजगार के अवसरों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में स्पष्ट किया कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मियों को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अब बिचौलियों के माध्यम से किसी भी आउटसोर्स कर्मी का शोषण नहीं होने दिया जाएगा तथा उन्हें पूरा मानदेय एवं नियमानुसार अन्य लाभ सुनिश्चित किए जाएंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मियों के हितों की सुरक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को मजबूत किए जाने से लाखों कर्मियों को लाभ मिलेगा। जनप्रतिनिधियों ने सरकार की जनकल्याणकारी प्राथमिकताओं को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम में दुर्गेश मिश्रा, अपर नगर आयुक्त; पवन कुमार सिंह, उपायुक्त (स्वतः रोजगार); रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह; जिला लेबर कमिश्नर एवं सहायक लेबर कमिश्नर; उप निदेशक सूचना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सैकड़ों आउटसोर्स कर्मी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त नगर निगम एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण के कर्मियों की भी सहभागिता रही।
इस अवसर पर लाभार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए 05 नगर निगम कर्मियों को किट, 03 लाभार्थियों को डेमो चेक तथा 04 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने सरकार की इस पहल को आउटसोर्स कर्मियों के लिए सामाजिक सुरक्षा, पारदर्शिता, सम्मानजनक पारिश्रमिक एवं बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal