अजय कुमार वर्मा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि भाजपा सरकार किसानों को सिवाय धोखा देने के कोई दूसरा काम नहीं कर रही है। कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में कृषक दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि0 की लापरवाही के शिकार हो रहे हैं। क्षेत्र के किसानों ने मार्च 2019 तक निजी नलकूप के लिए इस्टीमेट के रूपए जमा कर दिए हैं, साल बीत गया, किसानों का भला नहीं हुआ।
श्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि0 के अभियंताओं ने कुछ किसानों को आधा अधूरा सामान दिया, किसी को पोल दिया तो तार नहीं दिया, लाइनें नहीं खिंची। दो-दो फसलें चौपट हो गई। किसान बिना पानी के सिंचाई नहीं कर सके। अभी तक किसानों द्वारा लगातार मांग किए जाने के बावजूद ट्रांसफार्मर भी नहीं लगाया गया है। बताते हैं सरकार ने ही उस पर रोक लगा दी है। जिलाधिकारी तथा दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी को प्रत्यावेदन देने का भी कोई नतीजा नहीं निकलने से क्षेत्र में भारी रोष है।
क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि समाजवादी सरकार में अधिकारियों की ऐसी किसान विरोधी मानसिकता अक्षम्य थी। किसानों की बात तब सुनी जाती थी। किसानों को मुफ्त सिंचाई सुविधा मिलने के साथ ही एक निश्चित अवधि में निजी नलकूपों का भी ऊर्जीकरण हो जाता था। स्मरणीय है, डाॅ0 राममनोहर लोहिया नलकूप योजना के अंतर्गत पम्प सेटों की प्रतिस्थापना एवं जल वितरण प्रणाली के आधुनिकीकरण का कार्य बड़े पैमाने पर हुआ था। ट्रांसफार्मर लगाने एवं बदलने की अवधि तय की गई थी। 3 हजार से ज्यादा नए राजकीय नलकूप 3 वर्ष के अन्दर लगे थे।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal