जनआंदोलन बनाकर भाजपा ने देश की तस्वीर बदलने का काम किया है और यह सब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व से ही संभव हो सका है।-स्वतन्त्र देव

आज हमारे पास मोदी व योगी के रूप में ऐसा नेतृत्व है जिसका परिवार देश और प्रदेश की जनता है
लखनऊ 04 नवम्बर 2019। भारतीय जनता पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा अपने दूसरे कार्यकाल के 100 दिन के भीतर ही तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त करना और जम्मू-कश्मीर से धारा 370 व 35ए की समाप्ति सहित कई अन्य जनहित के फैसलों और प्रदेश की योगी सरकार द्वारा किये जा रहे लोककल्याणकारी कार्याें को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आज उ0प्र0 व बिहार के प्रमुख पार्टी पदाधिकारियों, मीडिया विभाग व आईटी विभाग की बैठक आयोजित की गई। साथ ही संगठनात्मक चुनावों व गांधी संकल्प यात्रा सहित अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा भी बैठक में हुई।
राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती 02 अक्टूबर से प्लास्टिक मुक्त भारत, स्वच्छ भारत अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए भाजपा ने प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में 150 किमी।पदयात्रा करते हुए आमजन से संवाद स्थापित किया और इसके साथ ही अनुच्छेद 370 व 35ए की वास्तविकता लोगों तक पहुंचाने का काम पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता कर रहा है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं गृहमंत्री अमित शाह जी के अदम्य साहस और दृढ़ राजनीतिक इच्छा शक्ति ने अनुच्छेद 370 व 35ए को समाप्त करके वह कर दिखाया जिसकी इस देश को पिछले 70 वर्षो से प्रतिक्षा थी। आज जहां एक ओर पर्यावरण संरक्षण के जनसरोकार से आमजन जुड़ रहे है। तो वहीं अनुच्छेद 370 व 35ए की वास्तविकता आम जनता जान रही है। आगामी कार्यक्रमों के लिए आप सभी को और अधिक शक्ति और ऊर्जा के साथ लोगों तक पहुंचना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में भाजपा कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा पार करता है। मुँह में शक्कर, पैर में चक्कर, सर पर बर्फ और सीने में आग लेकर ही भाजपा कार्यकर्ता बनता है। आज हमारे पास मोदी व योगी के रूप में ऐसा नेतृत्व है जिसका परिवार देश और प्रदेश की जनता है। गांधी संकल्प यात्रा, संगठनात्मक चुनाव, संपर्क अभियान सहित चलने वाले सभी कार्यक्रमों एवं अभियानों के द्वारा अथक परिश्रम के साथ कार्यकर्ता आमजनता तक पहुंच रहे है और इसके साथ ही मोदी सरकार व योगी सरकार की जनकाल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी गांव, गरीब, किसान तक पहुंचाने के काम में सभी कार्यकर्ता जुटे हुए है। भाजपा अनवरत जनसंवाद व जनकल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से जुड़ी रहती है और यह सब देव दुर्लभ कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही संभव होता है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने कहा कि गांधी संकल्प यात्रा के माध्यम से जनता के साथ संवाद का क्रम जारी है। सांसदों के साथ बड़ी मात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता जनता के बीच है और लोगों तक स्वच्छता के साथ ही प्लास्टिक के बहिष्कार व जल संरक्षण का संदेश पहुंचा रहे है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के संकल्प को जनआंदोलन बनाने के लिए एक-एक कार्यकर्ता पूरे परिश्रम के साथ संगठन द्वारा दिये गये हर एक कार्य को बखूबी निभा रहा है। अनुच्छेद 370 व 35ए जैसे मुद्दों पर एक-एक कार्यकर्ता ने लोगों के साथ चर्चा की है। जिससे लोगों तक वास्तविकता पहुंची है। अब तक गांधी संकल्प यात्रा सभाओं व यात्रा के माध्यम से मार्ग तय कर रही है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने बैठक में कहा कि सबका साथ-सबका विकास के पथ पर चलकर भाजपा सबके विश्वास के साथ जुड़ी है। भाजपा एक मात्र पार्टी है जो सरकार में होने के बावजूद भी सदैव जनता के बीच में रहती है। स्वच्छता अभियान जैसे विभिन्न अभियानों को जनआंदोलन बनाकर भाजपा ने देश की तस्वीर बदलने का काम किया है और यह सब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व से ही संभव हो सका है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि डा0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए के विरोध में अपने प्राणों का बलिदान दिया है। आज अनुच्छेद 370 की हकीकत जनता के बीच में है।
बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर, सलिल विश्नोई, गोविन्द नारायण शुक्ल, बिहार प्रदेश के महामंत्री सुशील चैधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक नीतिश मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष, विधायक मिथिलेश तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष, सांसद गोपाल जी ठाकुर, विधायक ताराकिशोर प्रसाद आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने बैठक का संचालन किया।

Translate »