मठ-मंदिरों में श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद।
रिपोर्टर पुरुषोत्तम चतुर्वेदी।
वाराणसी। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर मंगलवार को धर्मनगरी काशी के विभिन्न मठों, मंदिरों एवं आश्रमों में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने गुरुजनों का विधि-विधान से पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा विश्व कल्याण की कामना की।

मणिकर्णिका घाट स्थित सतुआ बाबा आश्रम में जगद्गुरु संतोष दास महाराज ने गुरु चरण पादुका का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन किया। इसके उपरांत शिष्यों एवं श्रद्धालुओं ने अपने गुरु का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।


रवींद्र पुरी स्थित डॉ. रामकमल दास वेदांती जी महाराज के आश्रम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु पूजा कर आध्यात्मिक मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद लिया। वहीं नगवां स्थित साध्वी गीताम्बा तीर्थ गुरुमां के आश्रम में काशी सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे भक्तों ने गुरुमां का पूजन कर उनके सान्निध्य में आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।

रोहनिया क्षेत्र के काशीपुर (देउरा) स्थित शंकराचार्य आश्रम में भक्तों ने शंकराचार्य स्वामी नरेंद्र आनंद सरस्वती महाराज का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। वहीं अमरा स्थित पंडित चंद्र मौली महाराज के आश्रम में भी गुरु वंदना का आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन के साथ विश्व शांति, सुख-समृद्धि एवं मानव कल्याण की प्रार्थना की। वही महमूरगंज स्थित कैलाशपुरी आश्रम में अर्जुन बाबा ऋषि कुमार के नेतृत्व में गुरु पूजा संपन्न हुई। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर काशी के विभिन्न आश्रमों में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और गुरु वंदना के कार्यक्रम आयोजित हुए। श्रद्धालुओं ने गुरु को ज्ञान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का आधार बताते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal