विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रिपोर्टर पुरुषोत्तम चतुर्वेदी

वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इकोप्रिज्म कलेक्टिव फाउंडेशन द्वारा बेनीपुर खुर्द पंचायत , प्रखंड हरहुआ, जिला वाराणसी में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ 5 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली के साथ हुआ प्रातः 7 बजे बेनीपुर गांव के चौरा माता मंदिर से शुरु होकर अजोर पट्टी, गहनी होते हुए बेनीपुर खेल मैदान में सभा में परिवर्तित हो गया। जिसमें ग्रामीण युवाओं एवं किसानों के साथ प्रेरणा कला मंच के साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और किसानों में जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति समझ विकसित करना था। 40 स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण विषयक अपने मॉडल प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा और तीन सर्वश्रेष्ठ

मॉडल को पुरस्कृत भी किया गया। प्रेरणा कला मंच के साथियों ने ‘हमारा पर्यावरण’ शीर्षक आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जिसने लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व और उसके लाभों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करते हुए पौधों का वितरण भी किया गया। इसी अवसर संस्था के सहनिदेशक पंकज सिंह ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी तथा इकोप्रिज्म द्वारा चलाये जा रहे क्लाइमेट एक्शन कार्यक्रम में जानकारी दी। संस्था के कृषि विशेषज्ञ संजय पटेल ने प्राकृतिक कृषि तकनीकों तथा जैविक आदानों के उपयोग पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों को रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर टिकाऊ एवं पर्यावरण-अनुकूल खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। किसानों के लिए स्थापित बायो रिसोर्स सेंटर में तैयार किए जा रहे जैविक उर्वरकों एवं जैविक कीटनाशकों के महत्त्व को बताया। कार्यक्रम के उपरांत महिलाओं के किये इकोप्रिज्म द्वारा स्थापित हाई-टेक नर्शरी का उद्घाटन मुख्य अथिति शीतांशु शर्मा और संस्था के सहनिदेशक अमिताव नाथ द्वारा किया गया। हाईटेक नर्शरी के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक विधि से तैयार उच्च गुणवत्ता वाले सब्जी के पौधे उपलब्ध करना है। इकोप्रिज्म कलेक्टिव फाउंडेशन एक गैर-लाभकारी संस्था है, जिसकी स्थापना बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के पूर्व छात्रों द्वारा की गई है। संस्था का उद्देश्य एक स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में योगदान देना, लोगों की आजीविका को सशक्त बनाना तथा जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता क्षरण जैसी चुनौतियों का समाधान करना है। वर्तमान में संस्था बेनीपुर पंचायत के किसानों के साथ प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। क्लाइमेट एक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत किसान समूहों के लिए बायो रिसोर्स सेंटर स्थापित कर उन्हें जैविक उर्वरक एवं जैविक कीटनाशक उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे टिकाऊ कृषि प्रणाली को बढ़ावा मिल सके। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की रितिका सिंह , रेखा देवी,हरीश भाई ने सक्रिय भूमिका निभाई। उपरोक्त जानकारी संस्था के कृषि विशेषज्ञ संजय पटेल ने दी।

Translate »