गवर्नर कार्यकाल खत्म होने के बाद पहली बार अलीगढ़ पहुंचे कल्याण सिंह ने कहा- राम मंदिर का निर्माण अब जल्द, फैसला देकर जाएंगे चीफ जस्टिस

अलीगढ़।

राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कल्याण सिंह गवर्नर पद का कार्यकाल खत्म होने के बाद पहली बार रविवार को दिवाली के मौके पर गृह जनपद अलीगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने दावा किया कि, अब राम मंदिर निर्माण में ज्यादा वक्त नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस रंजन गोगोई रिटायरमेंट से पहले अयोध्या विवाद पर फैसला देकर जाएंगे। जस्टिस गोगोई 17 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं।

राजस्थान के पूर्व गवर्नर कल्याण सिंह ने कार्यकाल खत्म होने के बाद भाजपा की सदस्यता हासिल की थी। रविवार को अलीगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। अपने आवास पर कल्याण सिंह ने सभी प्रदेश व देशवासियों को दीपावली पर्व की बधाई के बाद कहा कि राम मंदिर को लेकर सभी सुनवाई पूरी हो चुकी है। अब निर्णय में ज़्यादा समय नहीं लगेगा, क्योंकि जस्टिस गोगोई 17 नवम्बर को रिटायर हो रहे रहे हैं। उससे पहले ही वह राम मंदिर मामले पर निर्णय देकर जाएंगे।
कल्याण सिंह ने कहा कि, अब क्या जजमेंट देकर जाएंगे ये तो तभी पता चलेगा। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। कहा कि सबको सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करना चाहिए। क्योंकि उससे पहले कुछ भी कहना निर्णय से पूर्व किसी भी पक्ष के लिए कुछ भी कहना उचित नहीं है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

Translate »