सरकारी आंकड़ों के विपरीत राजधानी में ताबड़तोड़ हत्याएं हो रही : अशोक सिंह

अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 24 सितम्बर। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। रोजाना हो रही हत्याओं से प्रदेश की जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। राजधानी लखनऊ में लगातार 22 दिन में 12 गोलीकाण्ड इस बात की ओर इशारा कर रही हैं कि सरकार और पुलिस का इकबाल पूरी तरह खत्म हो गया है। प्रदेश में अराजकता का माहौल व्याप्त हो चुका है। मुख्यमंत्री के अपराध में अंकुश लगाने के दावे पूरी तरह खोखले साबित हुए हैं।
उ0प्र0 कांग्रेस के प्रवक्ता अशोक सिंह ने जारी बयान में कहा कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी जी फर्जी आंकड़े प्रस्तुत कर अपराधों में कमी होने का दावा कर रहे हैं ठीक इसके विपरीत राजधानी लखनऊ में ही जिस प्रकार ताबड़तोड़ हत्याएं हो रही हैं और पुलिस अपराधियों का सुराग तक नहीं लगा पा रही है उससे यह साबित हो रहा है कि अपराधी पूरी तरह बेखौफ हैं और जब जहां चाहते हैं अपराध करके भाग जाते हैं पुलिस सिर्फ लकीर पीटती नजर आती है।
प्रवक्ता ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश अपराध प्रदेश बनकर रह गया है। प्रदेश की भाजपा सरकार इवेंट मैनेजमेंट करके आम जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। जब प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपराधों का यह हाल है तो अन्य जिलों में अपराधों की भयावह स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
——————————

Translate »