वाहन चेकिंग के दौरान रोका तो बदमाशों ने की फायरिंग, कांस्टेबल के हाथ में लगी गोली, घायल

कांस्टेबल के हाथ में लगी गोली, जिला अस्पताल में भर्ती

गाजीपुर।यूपी के गाजीपुर में शुक्रवार को चेकिंग के दौरान कुछ बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में कांस्टेबल विक्रम सिंह गोली लगने से घायल हो गए। कांस्टेबल के हाथ में गोली लगी है। घायल कांस्टेबल जिला अस्पताल में भर्ती है। पूरा मामला मरदह थाना क्षेत्र के बरही का मामला है।

दरअसल, मरदह थाना क्षेत्र के बरहीं चट्टी के पास रात के 11.30 बजे पुलिस संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक आती दिखी। पुलिस ने जब बाइक को रुकने का इशारा किया तब बाइक सवार भागने लगे। उनको भागता देख ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल विक्रम सिंह ने उनको दौड़ाकर बाइक सवार का कॉलर पकड़ लिया, जिससे बाइक सवार घबड़ा गया और विक्रम पर फायर झोंक दिया और भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया पर बदमाश गिरफ्त में नहीं आये। मौके से पुलिस ने एक बाइक और एक पिस्टल बरामद किया है। फिलहाल घायल कांस्टेबल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

वहीं एएसपी ग्रामीण सी पी शुक्ला ने बताया कि कल रात दुल्लहपुर में बाइक लूट की सूचना प्राप्त हुई थी। जिसके बाद एसपी के निर्देश पर कई थानों की पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी क्रम में मरदह पुलिस भी चेकिंग कर रही थी तभी दो बाइक सवार आते दिखे। पुलिस ने उनको रोका तो उन्होंने फायर कर दिया और कांस्टेबल को दाहिने हाथ मे गोली लग गयी। फिलहाल कांस्टेबल का इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।

Translate »