शराब के नशे में जुआरी पति ने पत्नी को दांव पर लगाया, हारने के बाद दोस्तों ने किया सामूहिक रेप

कोर्ट के आदेश पर जफराबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कॉपी कोर्ट में दाखिल की गई।

जौनपुर। जौनपुर में एक शराबी पति अपनी पत्नी को जुए में हार गया। जुआ खेलने के दौरान उसके रुपये खत्म हुए तो उसने पत्नी को ही दांव पर लगा दिया। हारने पर उसके दोस्तों ने विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ित न्याय के लिए थाने गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। बात न्यायालय तक पहुंची तो एसीजेएम पंचम ने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश पर जफराबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कॉपी कोर्ट में दाखिल की गई।

जफराबाद थाना क्षेत्र निवासी महिला ने कोर्ट में दरख्वास्त दिया कि उसकी शादी शाहगंज में हुई थी। पति शराबी जुआरी है। ससुराल में रहने के दौरान उसके मित्र अरुण व रिश्तेदार अनिल अक्सर घर पर आते थे। फिर सभी मिलकर शराब पीते और जुआ खेलते थे। एक दिन रुपये खत्म होने पर पति ने उसे ही दांव पर लगा दिया और हार गया। इसके बाद जीते हुए अरुण व अनिल ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद वह आक्रोश में अपने मायके चली गई।

9 दिसंबर 2018 को पति ने वहां आकर क्षमा मांगते हुए कहा कि अब ऐसी गलती नहीं होगी। क्षमा मांगने पर वादिनी उसके साथ गाड़ी में बैठ कर ससुराल के लिए रवाना हुई। बीच में पति ने गाड़ी रोककर अरुण व अनिल को बैठा लिया। उसके बाद दोनों ने फिर बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि थाना व एसपी से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। कोर्ट ने प्रथम दृष्टया गंभीर मामला पाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। तब जफराबाद में आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू हुई।

Translate »