प्रियंका गांधी ने मंगाई प्रमुख हस्तियों की सूची, जिलों के सेलिब्रिटीज, प्रभावशाली लोगों को कांग्रेस से जोड़ने की कवायद

प्रियंका गांधी के दूत पहुंचे बनारस ली नेताओं की बैठक
-नए संगठन के गठन की कवायद हुई तेज, मांगी गई प्रस्तावित अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों की सूची
-पुराने सक्रिय कांग्रेसियों के दिन बहुरने की जगी आस
-जिला-शहर से वार्ड और ब्लाक स्तर तक की कमेटियों के लिए मांगे गए नाम
-डॉक्टर, इंजीनीयिर, व्यापारी वकीलों की सूची भी होगी तैयार

वाराणसी।प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने और नए सिरे से खड़ा करने की कवायद में जुटीं पार्टी महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी ने जिलों के प्रभावशाली लोगों से पार्टी को जोड़ने का संकेत दिया है। इसके तहत उन्होंने जिलावार प्रभावशाली लोगों की सूची तलब की है। इसमें समाज के हर तबके को जगह दी जानी है। इतना ही नहीं प्रियंका ने जिला से ब्लॉक और वार्ड स्तर तक की कमेटियों के पुनर्गठन का संकेत भी दिया है। इसके लिए भी प्रस्तावित प्रभावशाली लोगों के नाम मांग लिए गए हैं। सारी कवायद एक सप्ताह में पूरी करनी है।

प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने अपना दूत भेज कर बनारस के कांग्रेसियों से कई तरह की सूचनाएं मंगवाई हैं। इसमें जिला- शहर, ब्लॉक और वार्ड अध्यक्ष सहित पूरी कमेटी के लिए नाम मांगे गए हैं। माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी अपनी टीम के साथ जल्द ही जिला, शहर, ब्लाक और वार्ड कमेटियों के गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देंगी।

यही नहीं प्रिंयका गांधी ने ऐसे कांग्रेसियों की सूची भी मांग है जो सक्रिय रहते हुए भी किसी पद पर नहीं है। ऐसे लोगों की सूची जिला, शहर, विधानसभा क्षेत्र, वार्ड और ब्लॉक स्तर पर बनेगी। इसके साथ ही ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी और ग्राम प्रधानों की सूची भी तलब की गई है।

सबसे महत्वपूर्ण यह कि प्रियंका गांधी ने जिले के वकील, डॉक्टर, इंजीनियर, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और प्रभावशाली लोगों की सूची भी मांगी है। कहा है कि ये ऐसे लोग हों जो समय-समय पर सामाजिक मुद्दों को उठाते हों, शहर की समस्याओं पर काम करते होँ।

प्रियंका गांधी के दूत और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव बाजीराव खाड़े और कोआर्डिनेटर राम अवध यादव ने इस संबंध में रविवार को मैदागिन स्थित कांग्रेस भवन में निवर्तमान पदाधिकारियों संग बैठक कर प्रियंका गांधी के निर्देश से अवगत कराया। साथ ही बताया कि जिले के पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व एमएलसी व वरिष्ठ नेताओं संग सलाह कर ये सारी जानकारी अधिकतम एक सप्ताह में प्रियंका गांधी को मिल जानी चाहिए।

बैठक में पूर्व विधायक अजय राय, निवर्तमान जिला अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष सीताराम केशरी सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Translate »