मुंबई से 100 किमी दूर महालक्ष्मी एक्सप्रेस फंसी, 500 यात्रियों को रेस्क्यू कर निकाला

महाराष्ट्र
बदलापुर और वांगनी स्टेशन के बीच शुक्रवार रात करीब 12 बजे से रुकी हुई है महालक्ष्मी एक्सप्रेस

बचाव अभियान में एनडीआरएफ और नेवी की 3 डाइविंग टीमों समेत 8 फ्लड रेस्क्यू टीमें तैनात

मुंबई।महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई से 100 किमी दूर बदलापुर-वांगनी के बीच बाढ़ के चलते शुक्रवार रात करीब 12 बजे महालक्ष्मी एक्सप्रेस फंस गई। इसमें सवार 700 में से 500 यात्रियों को निकाल लिया गया।देर रात से ही फंसे यात्रियों को निकालने के लिए हेलिकॉप्टर और नावों से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।वहीं, मुंबई में भारी बारिश के कारण कई इलाकों जलभराव के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए। यहां पिछले 24 घंटों मेंकरीब 18 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुनील उदासी ने कहा, ‘‘हम यात्रियों से अपील करते हैं कि वे ट्रेन से न उतरें। ट्रेन सुरक्षित स्थान पर खड़ी है। रेलवे स्टाफ, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच चुके हैं। कृप्या एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का इंतजार करें।’’

7 फ्लाइट रद्द, 9 को डायवर्ट किया गया

शनिवार सुबह छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एमआईएएल) के पब्लिक रिलेशन अधिकारी के मुताबिक, 7 फ्लाइट रद्द कर दी गईं, जबकि 9 को डायवर्ट किया गया। अन्य उड़ानों में औसतन 30 मिनट की देरी हो रही। वहीं, कल्याण से कर्जत की सभी ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया।

देश के 10 शहर जहां बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश हुई

राज्य कहां
बारिश (सेंटीमीटर में)

महाराष्ट्र माथेरान 43.7
महाराष्ट्र महाबलेश्वर 23.9
महाराष्ट्र ठाणे 23.6
महाराष्ट्र सांता क्रूज 21.9
महाराष्ट्र अलीबाग 14.0
महाराष्ट्र हरनाई 11.8
महाराष्ट्र कोलाबा 9.0
राजस्थान जयपुर 8.4
ओडिशा पुरी 8.4
प बंगाल डायमंड हार्बर 8.2
(सोर्स- स्काईमेट)

पुलिस ने समुद्र से दूरी बनाए रखने की हिदायत दी

मुंबई पुलिस ने कहा कि हम यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि वे जल-जमाव वाले क्षेत्रों में न जाएं। समुद्र से दूरी बनाए रखें। किसी भी मदद के लिए हमें 100 नंबर पर फोन करें। एयरपोर्ट के अधिकारी ने कहा- खराब मौसम के कारण विजिबिलिटी कम होने से उड़ानों पर प्रभाव पड़ा है।

मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान रायगढ़, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पालघर में 26 और 28 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले चार घंटों में ठाणे, रायगढ़ और मुंबई में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को समुद्र और पानी भरे हुए इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।

पूरी मुंबई पानी में डूब गई थी
26 जुलाई 2005 को हुई बारिश में मुंबई में 400 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। अद्यौगिक इकाइयों समेत एयरपोर्ट और बंदरगाह कई दिनों तक बंद कर दिए गए थे। पूरा शहर पानी में डूब गया था। करीब 550 करोड़ रु. की संपत्ति का नुकसान पहुंचा था।

Translate »