मोरवा में छूही खदान धंसने की घटना में दो महिलाओं की मौत, एक गंभीर

सिंगरौली ।
जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सीटीआई व पड़ताली गांव के बीच स्थित छुई मिट्टी खदान में मिट्टी निकालने के दौरान खदान धंसने से जहां दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। घटना की सूचना के बाद मोरवा पुलिस घटनास्थल पर पहुंच घायल महिला को उपचारार्थ नेहरू चिकित्सालय जयंत भेजवाया।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मृतिका चिंता देवी पत्नी रामदेव सिंह उम्र 45 वर्ष निवासी पड़ताली व श्रीमती पाल पत्नी राजाराम उम्र 35 वर्ष निवासी कनहर सहित कई महिलाएं मोरवा थाना क्षेत्र से 500 मीटर की दूरी पर स्थित सीटीआई कॉलोनी व पड़ताली गांव के बीच स्थित छुई खदान में आज प्रातः 5 से 6 बजे के बीच छूही मिट्टी निकालने गई थी जहां मिट्टी निकालने के दौरान अचानक खदान धसक गया जहां दबने से चिंता देवी व श्रीमती पाल की मौत हो गई वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। घटना के बाद पहुंची मोरवा पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय वै ढ न भेजवा दिया और मर्ग कायम कर विवेचना में जुट गए।

9 घंटे बाद भी जानकारी देने में असमर्थ रही मोरवा पुलिस

मोरवा थाना से सीटीआई के पास स्थित छूही खदान की दूरी महज 500 मीटर है। घटना की जानकारी भी लगभग 8 बजे मोरवा थाने में आ गयी। लेकिन घटना के 9 घंटे बाद अपरान्ह 3 बजे तक मोरवा टी आई अनूप सिंह ठाकुर मृतकों व घायलों की जानकारी देने में असमर्थ रहे।”प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया” के सिंगरौली जिला संवाददाता द्वारा उन्हें कई बार फोन लगाया गया , श्री ठाकुर ने बात भी की पर जानकारी नही दी। बाद में संवाददाता के मोबाइल नं को कॉल डायवर्ट की लिस्ट में डाल दिया गया। यहां तक तो ठीक है , तत्पश्चात जानकारी के लिए विवेचना कर रहे ए एस आई शिवनाथ प्रजापति को फोन लगाया तो उनका मोबाइल नं स्विच ऑफ बता रहा था। इसके बाद मोरवा के मुंशी अमर सिंह के मोबाइल पर फोन लगाया गया कई बार रिंग जाने के बाद श्री सिंह ने फोन नही उठाया और थोड़ी देर बाद इनका भी मोबाइल बंद हो गया। छूही खदान की डिटेल प्राप्त करने की जद्दोजहद में मोरवा आरक्षक विक्रम व सुधीर मिश्रा तक से संपर्क करना पड़ा। लेकिन थाने के मुखिया के पास ही जब जानकारी नही थी तो आरक्षक क्या बताते! ऐसी अव्यवस्था पर नवागत एसपी का ध्यान आकृष्ट कराया गया है।

Translate »