उत्तर प्रदेश की जनता का हर वर्ग भाजपा सरकार की जनविरोधी, विद्वेषपरक नीतियों से त्रस्त है-राजेन्द्र चौधरी

लखनऊ। दिनांकः 10.05.2019।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी का कहना है कि जबसे उत्तर प्रदेश में भाजपा सत्ता में आई है, कानूनव्यवस्था बद से बदतर होती गई है। कहने को तो मुख्यमंत्री जी ने बड़ा दावा करते रहे है कि उनके रहते अपराधी जेल में रहेंगे या प्रदेश छोड़कर चले जाएंगे पर हकीकत में हुआ सब उलटा पुलटा। अपराधियों, गुंडो और माफियाओं को भाजपा सरकार में प्रश्रय मिलने लगा और प्रदेश से जाने के बजाय दूसरे प्रदेशों के भी अपराधिक तत्व यहां आकर बसेरा करने लगे हैं। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब राजधानी लखनऊ में ही हत्या, बलात्कार, अपहरण, लूट की घटनाओं से समाचार पत्रों के पृष्ठ के पृष्ठ नहीं भरे रहते हों।
अखिलेश यादव का सार्वजनिक चरित्र बेदाग है और विपक्ष के किसी भी नेता ने आज तक उन पर कोई लांछन नहीं लगाया है। भाजपा के नेताओं की बात अलग है क्योंकि उन्होंने राजनीति की सामान्य मर्यादाओं को भी तिलांजलि दे रखी है। उनका आचरण अब नैतिकता और व्यवहारिकता के निकृष्टतम स्तर तक नीचे गिर गया है।
उत्तर प्रदेश की जनता का हर वर्ग भाजपा सरकार की जनविरोधी, विद्वेषपरक नीतियों से त्रस्त है। सभी इस सच्चाई से अवगत हैं कि गुंडो, माफियाओं का सरताज कौन है? किसने प्रदेश में शांति व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव में खलल डालते हुए नफरत का जह़र बोने का काम किया है? भाजपा नेतृत्व ने तो अपनी भाषा और संवाद में इतनी गिरावट दिखाई है कि वह खुलेआम पुलिस को ‘ठोको‘ का संदेश देने लगे। इसका नतीजा यह हुआ है कि कहीं जनता को पुलिस वाले ठोक रहे हैं तो कहीं पुलिस वालों को जनता ठोक रही है।
भाजपा अखिलेश यादव के ऊपर चाहे जितनी धूल फंेकने की कोशिश करे लेकिन जनता जानती है कि श्री अखि लेश यादव का बेदाग चरित्र है और सार्वजनिक जीवन में उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा का व्यवहार किया है। इस सच्चाई को भाजपा के झूठ से ढका नहीं जा सकता है।
उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्वकाल में विकास की गतिविधियों को विस्तार मिला था। जनहित की सैकड़ों नई योजनाओं को लागू किया गया था। बिना किसी भेदभाव के सबको उन योजनाओं के लाभ मिल रहे थे। अपराध नियंत्रण के लिए समाजवादी सरकार ने यूपी डायल 100 नं0 सेवा शुरू की थी जिसमें सूचना मिलते ही कुछ मिनटों में पुलिस घटनास्थल पर पहुंचती। इस सेवा की सराहना देश-विदेश तक में हुई थी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 सेवा शुरू की गई थी। भाजपा सरकार ने इनको बर्बाद कर दिया। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश की बदनामी पूरी दुनिया में हुई है।
भाजपा अपनी खोटी सरकार को झूठ के खोल में छुपाने की चाहे जितनी कोशिश कर ले, जनता की निगाह में उसकी सच्चाई सामने है। लोकसभा के चुनावों में जनता ने इसीलिए भाजपा को आईना दिखाने का काम किया है। पहले पांच चरणों में उत्तर प्रदेश की जनता ने गठबंधन को अपना भारी समर्थन देकर राजनीति को सुधारने और देश को नया प्रधानमंत्री देने का संकल्प घोषित कर दिया है।

Translate »