खेल डेस्क. भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 4 महीने बाद कोच मिल ही गया। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी ग्राहम रेड को टीम का कोच बनाया गया है। हरेंद्र सिंह को पिछले साल दिसंबर में हटा दिया गया था। उसके बाद से टीम के पास कोच नहीं था। रेड का कार्यकाल अगले साल के अंत तक होगा। हालांकि, प्रदर्शन के आधार पर इसे बढ़ाया भी जा सकता है।
-
रेड ने कहा, “भारतीय पुरुष हॉकी टीम का कोच बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। इस खेल में किसी अन्य देश का इतिहास ऐसा नहीं है जो भारत की तुलना कर सके। भारत विश्व हॉकी में सबसे रोमांचक और अटैकिंग खेल खेलने वाला देश रहा है। मुझे भी तेज और अटैकिंग हॉकी पसंद है। यह लगभग ऑस्ट्रेलियाई शैली से मिलता है।”
-
रेड की कोचिंग में ऑस्ट्रेलिया की टीम दो बार चैम्पियंस ट्रॉफी जीत चुकी है। उनकी कोचिंग में ऑस्ट्रेलियाई टीम 2014 में कॉमनवेल्थ वेल्थ, 2015 में वर्ल्ड लीग भी जीती थी। वहीं, रियो ओलिंपिक 2016 में टॉप चार में जगह नहीं बना सकी थी। इसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
-
रेड 1982 बार्सिलोना ओलिंपिक में रजत पदक और 1984, 1985, 1989 और 1990 में चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के सदस्य थे। भारतीय कोच के तौर पर रेड के सामने पहली चुनौती अगले महीने टीम इंडिया का ऑस्ट्रेलिया दौरा है। वहीं, जून में एफआईएच मेन्स सीरीज का फाइनल्स भुवनेश्वर में खेला जाएगा।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal
