खेल डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण का 15वां मैच बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम पर मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ खेला जाएगा। चेन्नई ने इस संस्करण में अब तक 3 मैच खेले हैं और सभी जीते हैं। वहीं, मुंबई की टीम 3 में से एक मैच में ही जीत हासिल कर पाई है।
वानखेड़े पर मुंबई और चेन्नई के बीच अब तक 8 मैच हुए हैं। इनमें से रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस 5 में जीत हासिल करने में सफल रही है। महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपरकिंग्स 3 मैच ही जीत पाई है। ओवरऑल बात करें तो आईपीएल में मुंबई और चेन्नई के बीच अब तक 26 मैच हुए हैं। इनमें से मुंबई 14 और चेन्नई 12 में जीत हासिल करने में सफल रही है।
धोनी-रोहित के कप्तानी कौशल का भी मुकाबला
वैसे यह मुकाबला आईपीएल की दो सबसे सफल टीमों के कप्तानों के बीच होगा। मुंबई ने पिछले 6 साल में 3 बार खिताब जीता है। चेन्नई भी 3 बार की चैम्पियन है। दोनों टीमों के पास अच्छे मैच विजेता खिलाड़ी हैं जो अपने दम पर मैच जिता सकते हैं। हालांकि, काफी कुछ धोनी और रोहित पर निर्भर करेगा।
चेन्नई के खिलाफ पिछले 5 मैच में मुंबई का सक्सेस रेट 80%
आईपीएल में दोनों के बीच हुए पिछले 5 मुकाबलों की बात करें तो मुंबई की टीम 4 को जीतने में सफल रही है। चेन्नई ने इस मैदान पर आखिरी जीत पिछले साल 7 अप्रैल को हासिल की थी। उस मैच में उसने मुंबई को एक विकेट से हराया था। इसके बाद 28 अप्रैल 2018 को हुए मैच में मुंबई ने चेन्नई के खिलाफ 8 विकेट से जीत हासिल की थी। चेन्नई ने 2015 में वानखेड़े पर 3 मैच खेले थे और उसे तीनों में ही हार का सामना करना पड़ा था।
चेन्नई अंकतालिका में टॉप पर
इस संस्करण में चेन्नई सुपरकिंग्स ही ऐसी टीम है, जिसने अपने सभी मैच जीते हैं। वह 6 अंकों के साथ लीग तालिका में शीर्ष पर है। चेन्नई ने अपना पहला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेला था। तब उसने बेंगलुरु को 70 रन पर ऑलआउट करने के बाद 7 विकेट से मैच जीत लिया था। इसके बाद उसने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट और अगले मैच में राजस्थान रॉयल्स को आठ रन से हराया।
मुंबई इंडियंस के सिर्फ 2 अंक, तालिका में छठवें नंबर पर
वहीं, मुंबई इंडियंस महज दो अंकों के साथ तालिका में छठे नंबर पर है। उसने अपना पहला मैच घरेलू मैदान पर खेला, लेकिन तब दिल्ली ने उसे 37 रन से हरा दिया था। दूसरे मैच में वह बेंगलुरु को 6 रन से हराने में सफल रही। हालांकि, तीसरे मुकाबले में उसे किंग्स इलेवन पंजाब के हाथों 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।
चेन्नई के खिलाड़ी बेहतर फॉर्म में
चेन्नई की टीम अच्छी फॉर्म में है। उसका हर खिलाड़ी अपने तरीके से टीम के प्रदर्शन में योगदान दे रहा है। पिछले मैच में धोनी ने शानदार पारी खेलकर टीम की जीत की नींव रखी थी। बल्लेबाजी में उसके पास शेन वाटसन, सुरेश रैना, केदार जाधव और अंबाती रायडू जैसे अनुभवी और मैच का रुख मोड़ देने वाले खिलाड़ी हैं।
मुंबई के पास मैच विनर खिलाड़ी, लेकिन वे लय में नहीं
मुंबई की बात की जाए तो उसकी टीम में वह तालमेल नहीं दिखा है जो उसके पास मौजूद है। मैदान पर उसके खिलाड़ी लय में नहीं दिखे हैं। बल्लेबाजी में दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डीकॉक ही कुछ कमाल दिखा पाए हैं। रोहित शर्मा, कीरोन पोलार्ड का बल्ला खामोश रहा है। युवराज सिंह ने अपनी पुरानी फॉर्म की झलक जरूर दिखाई है, लेकिन वे अंत तक विकेट पर टिकने में असफल रहे हैं।
दोनों टीमें
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, युवराज सिंह, कीरोन पोलार्ड, लसिथ मलिंगा, राहुल चाहर, बेन कटिंग, पंकज जायसवाल, इशान किशन, सिद्धेश लाड, इविन लेविस, मयंक मार्कंडेय, मिशेल मैकक्लेनघन, अलजारी जोसेफ, जेसन बेहरेनडॉर्फ, अंकुल रॉय, रासिख सलाम, अनमोलप्रीत सिंह, बरिंदर सरन, आदित्य तारे, सूर्य कुमार यादव, जयंत यादव, क्विंटन डिकॉक।
चेन्नई सुपरकिंग्स : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), सुरेश रैना, अंबाती रायडू, शेन वाटसन, फाफ डुप्लेसिस, मुरली विजय, केदार जाधव, सैम बिलिंग्स, रविंद्र जडेजा, ध्रुव शोरे, चैतन्य बिश्नोई, रितुराज गायकवाड़, ड्वेन ब्रावो, कर्ण शर्मा, इमरान ताहिर, हरभजन सिंह, मिशेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, मोहित शर्मा, केएम आसिफ, दीपक चाहर, एन. जगदीशन, स्कॉट कुग्गेलेइजन।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
[ad_2]Source link
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal
