
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के पाला बदल का सिलसिला लगातार जारी है। अंबेडकरनगर जिले की जलालपुर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक सुभाष राय ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। सोमवार को सुभाष राय ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह,उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डाॅ. दिनेश शर्मा की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।सपा ने भी नहले पर दहला मारते हुए भाजपा को झटका दिया है।जलालाबाद विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रहे अनिल वर्मा ने सपा का दामन थाम लिया है।
भाजपा में शामिल होने के सुभाष राय ने कहा कि मैंने भाजपा की नीतियों ने प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ली है। समाजवादी पार्टी में तो नेता तथा कार्यकर्ता का सम्मान नहीं होता है। सपा को अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड देना चाहिए।
सुभाष की हुई घर वापसी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सुभाष राय का बीजेपी में स्वागत करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में आज कानून का राज है और वहां राष्ट्रवाद और विकास की बयार चल रही है।आज उत्तर प्रदेश में जो वातावरण निर्मित हुआ है, उसे देखते हुए सुभाष राय भाजपा में शामिल हुए हैं और यह उनकी घर वापसी है।उनके आने से भाजपा अंबेडकरनगर जनपद में और मजबूत होगी’।
सपा ने दिया भाजपा को झटका
समाजवादी पार्टी ने भी भाजपा को झटका दिया है। जलालाबाद सीट से भाजपा उम्मीदवार रहे अनिल वर्मा ने सपा का दामन थाम लिया है।सपा ने अनिल वर्मा अखिलेश यादव से मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए ट्विटर पर लिखा कि सपा का बढ़ता कारवां, बीजेपी नेता और जलालाबाद सीट से प्रत्याशी रहे अनिल वर्मा सपा की विचारधारा से प्रभावित होकर हुए पार्टी में शामिल। आपका हार्दिक स्वागत!
आपको बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में जलालापुर से बसपा के टिकट पर रितेश पांडेय विधायक चुने गए थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा ने उन्हें अंबेडकरनगर संसदीय सीट से अपना उम्मीदवार बना दिया।रितेश पांडे ने चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद जलालापुर सीट पर हुए उपचुनाव में सुभाष राय सपा के टिकट पर विधायक बने। सांसद रितेश पांडेय के पिता राकेश पांडेय हाल ही में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। राकेश पांडे 2002 में सपा के टिकट पर जलालपुर से विधायक भी निर्वाचित हुए थे। सपा में शामिल होने से उनका जलालपुर से टिकट लगभग तय माना जा रहा है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal