भोपाल :
प्रदेश की सियासत में चल रही उठापटक के बीच विपरीत ध्रुव माने जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की सोमवार को गुना में बंद कमरे में 45 मिनट की मुलाकात होने वाली है। दोनों नेता दिल्ली से आ रहे हैं। नेताओं के बीच इस मुलाकात के कई मायने भी निकाले जा रहे हैं। राज्यसभा चुनाव भी इसकी एक अहम क़़डी माना जा रहा है, जिसमें कांग्रेस को दो सीटें मिलने की पूरी उम्मीद है। इसके चलते कांग्रेस कोई जोखिम नहीं उठाना चाह रही है।
पार्टी के दोनों दिग्गजों की यह कवायद विधायकों को एकजुट रखने के साथ गिले-शिकवे दूर करने की कोशिश के रूप में देखी जा सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का राज्यसभा का कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त हो रहा है। इसी दिन दो अन्य भाजपा नेताओं प्रभात झा व सत्यनारायण जटिया का भी कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
★ हाईकमान को करना है फैसला
कांग्रेस में राज्यसभा टिकट को लेकर अटकलबाजियां चल रही हैं। पार्टी को मिलने वाली दो सीटों पर प्रत्याशी चयन पर हाईकमान को फैसला करना है। राहुल गांधी की पसंद माने जाने वाले सिंधिया प्रदेश की राजनीति में चल रहे घटनाक्रम की वजह से असहज दिखाई देने लगे हैं। इसी तरह दिग्विजय सिंह भी अपने टिकट को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त नहीं हैं।
यह माना जा रहा है कि दो सीटों में से एक टिकट मध्य प्रदेश के किसी नेता को दिया जाएगा और एक टिकट प्रदेश के बाहर के किसी व्यक्ति को दिया जा सकता है। ऐसे में दिग्विजय सिंह और सिंधिया की गुना में होने वाली मुलाकात को अहम माना जा रहा है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal