
वाराणसी। वाराणसी में स्कूल-कॉलेज जाने वाली लड़कियों के साथ छेड़खानी और उन पर फब्तियां कसने वाले मनचलों की अब खैर नहीं।
कॉलेज जाने वाली लड़कियों से छेड़खानी करने वाले मनचलों की एंटी-रोमियो स्क्वायड ने बुधवार को खूब खबर ली है। एन्टी रोमियो पुलिस ने बुलानाला स्थित अग्रसेन गर्ल्स कॉलेज के पास से लड़कियों से छेड़छाड़ करते पांच मनचलों को रंगे हाथ पकड़ सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
महिला कॉलेज की पीड़ित छात्राओं ने बताया कि पिछले एक हफ़्ते से हम लोग लोकल थाने की पुलिस से गुहार लगा रही थीं कि आये दिन कॉलेज के बाहर आवारे लड़के हम लोगों के साथ छेड़खानी करते हैं। ऐसी शर्मनाक हरकतें करते हैं कि बता नहीं सकती। लेकिन स्थानीय थाने की पुलिस हमारी शिकायत पर बेपरवाह बनी रही। जब उसने कोई कार्रवाई नहीं की तब हार कर हम सभी ने एण्टी रोमियो स्क्वायड से फरियाद की। एण्टी रोमियो पुलिस ने प्रभारी राजीव सिंह के नेतृत्व में अपनी महिला टीम के साथ छापा मारा और तथाकथित मजनुओं को रंगे हाथ दबोच कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।
मनचलों पर कार्रवाई होने से प्रफुल्लित छात्राओं ने बताया कि काश! पुलिस भी इतनी सजग रहे तो ये शोहदे दुम दबा कर घर बैठे रहेंगे। शोहदों की पैरवी के लिए थाने में धड़ाधड़ लोग पहुंचने लगे। मगर चूंकि मामला ऐण्टी रोमियो का है इसलिए कोतवाली पुलिस उनको आश्वासन के अलावा कुछ भी कर पाने में असमर्थ पा रही है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal