नीरज सिंह हत्या में मुन्ना बजरंगी के शूटर रिंकू पर चार्जशीट से नया ट्विस्ट, जानिए हत्याकांड का कारण

आरोप पत्र में दावा किया गया है कि है पंकज ने हत्याकांड को अंजाम देने के लिए रिंकू के निर्देश पर शूटर अमन सोनू एवं सागर को बुलाया। हत्या बाद शूटरों को 50-50 लाख देने की बात कही। ...

धनबाद । पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह सहित चार लोगों की हत्या में शूटर उपलब्ध कराने के आरोपित मुन्ना बजरंगी के खास रिंकू सिंह उर्फ विकास सिंह उर्फ धर्मेन्द्र सिंह के खिलाफ पुलिस ने बुधवार को अदालत को पूरक चार्जशीट सौंप दी। 35 पन्नों के चार्जशीट में पुलिस ने रिंकू के खिलाफ सोनू, रोहित एव पंकज का बयान व कॉल डिटेल्स को आधार बनाया है।
पुलिस ने आरोप पत्र में दावा किया है कि पंकज ने हत्याकांड को अंजाम देने के लिए रिंकू के निर्देश पर शूटर अमन, सोनू चंदन एवं सागर को बुलाया तथा सभी शूटरों को 50-50 लाख देने की बात कही थी। पुलिस ने दावा किया है कि पंकज सिंह मामले का मास्टरमाइंड है। वह जेल में बंद मुन्ना बजरंगी के कुख्यात शूटर रिंकू से मिला था। रिंकू ने शूटर अमन सिंह को इस काम के लिए लगाया था। रिंकू के कहने पर अमन पंकज मिला था। पुलिस ने दावा किया है कि रिंकू ने इस कांड में शामिल शूटरों को पंकज से मिलने का निर्देश दिया था। पंकज बराबर रिंकू से जेल में मिलने जाया करता था। 31 मई 17 को अमन सिंह अपने मित्र अभिनव के साथ रिंकू से मिलने मिर्जापुर जेल गया था जहां यूपी एसटीएफ ने उसे धर दबोचा था।
पुलिस के मुताबिक रिंकू मुन्ना बजरंगी का शार्प शूटर है। लंभुआ निवासी पंकज सिंह भी मुन्ना बजरंगी गिरोह का सदस्य है। 19 मार्च 17 को रिंकू ने अमन को कहा था कि वो पंकज से बात कर ले। एक काम करना है। रिंकू के कहने पर ही अमन ने पंकज से बात की थी। रिंकू ने ही अमन को पंकज का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया था। वहीं पुलिस ने यह भी दावा किया है की शूटर कुर्बान और सागर को भी रिंकू ने ही पंकज से मिलने का निर्देश दिया था। पुलिस ने इस कड़ी को मोबाइल सीडीआर के मार्फत जोडऩे का प्रयास किया है। एक पन्ने के सीडीआर में पुलिस ने रिंकू, सोनू, रोहित और अमन के बीच बातचीत को साक्ष्य बनाया है। पुलिस ने दावा किया है कि तीनों का लोकेशन उस वक्त मिर्जापुर जेल के आसपास ही था।

रोहित ने मांगा था शूटरः धनबाद में रंजय सिंह की हत्या के बाद रोहित सिंह उर्फ सतीश सिंह मिर्जापुर जेल आकर उससे मिला था और कहा था कि धनबाद में मुन्ना भाई के काफी नजदीकी आदमी रंजय सिंह की हत्या कर दी गई है जिसका बदला लेना है। यदि आप आदमी उपलब्ध करा देंगे तो मुन्ना बजरंगी आपको गिरोह में शामिल कर लेंगे। गिरोह में शामिल करने की बात पर रिंकू ने अपना आदमी रंजय की हत्या का बदला लेने के लिए दिया था।
हत्या के बाद पंकज अमन ने दी थी जानकारी : पुलिस ने दावा किया है कि धनबाद आने से पूर्व अमन सिंह ने रिंकू से संपर्क किया था। 20 मार्च 17 को अमन बनारस होते हुए धनबाद आया था। नीरज सिंह की हत्या करने के बाद अमन सिंह और पंकज सिंह ने रिंकू से मोबाइल से संपर्क किया था तथा घटना की जानकारी दी था। घटना को अंजाम देने के लिए पंकज सिंह द्वारा 50 लाख रूपये देने के लिए कहा गया था। लेकिन घटना के बाद राशि नहीं दी गई थी।
मनीष समेत पांच पर अनुसंधान जारीः पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त मनीष सिंह, गया सिंह, महंत पांडेय व अप्राथमिकी अभियुक्त मोनू तथा संतोष के खिलाफ अनुसंधान जारी रखा है। बताते हैं कि गया सिंह की मौत हो चुकी है।

ढाई वर्ष में चार चार्जशीटः इस चर्चित हत्याकांड में पुलिस में अब तक कुल 4 आरोप पत्र दायर किया है। पहला आरोप पत्र 28 जून 17 को विधायक संजीव सिंह, अमन सिंह, संजय सिंह, धनंजय सिंह, पिंटू सिंह, डबलू मिश्रा के खिलाफ दायर किया जबकि दूसरा आरोप पत्र 19 सितंबर 17 को कुर्बान अली, सागर, रोहित और विनोद सिंह के खिलाफ जबकि तीसरा आरोप पत्र 20 दिसंबर 17 को पंकज सिंह के खिलाफ किया था और रिंकू के खिलाफ आरोप पत्र 11 सितंबर 19 को दायर किया।
घटना के दिन नीरज व आदित्य का लोकेशन शाम मे झरिया था: नीरज सिंह हत्याकांड में आठवें दिन कांड के अनुसंधानकर्ता निरंजन तिवारी का बयान दर्ज किया गया। समयाभाव के कारण बुधवार को भी गवाही पूरी नहीं हो सकी। बुधवार को अनुसंधानकर्ता ने पहले पंकज सिंह, विनोद सिंह, रोहित सागर व सोनू के मोबाइल लोकेशन के संबंध में एकत्र किए गए विभिन्न कंपनियों के सीडीआर के विषय में बताया। अनुसंधानकर्ता ने कहा कि घटना के दिन नीरज सिंह और आदित्य राज के मोबाइल का लोकेशन शाम 5:06 तक झरिया था।
विधायक को मिली विधानसभा जाने की अनुमतिः सुनवाइ्र के दौरान विधायक के अधिवक्ता मो. जावेद ने आवेदन देकर कोर्ट को बताया कि 13 सितंबर को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। इसे लेकर विधानसभा के सचिव महेंद्र प्रसाद ने पत्र भेजा है। संजीव झरिया के विधायक हैं। लिहाजा सत्र में उपस्थित होने की अनुमति दी जाए। बचाव पक्ष के आवेदन पर अदालत ने विधायक को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में 13 सितंबर को विधानसभा में पेश करने का आदेश जेल प्रशासन को दिया है।
आज पेश की जाएगी फारॅच्यूनर गाड़ीः गुरुवार को वह फॉरच्र्यूनर गाड़ी जिसमें सवार नीरज सिंह व अन्य की हत्या कर दी गई थी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। अनुसंधानक निरंजन तिवारी ने बताया कि फॉच्र्यूनर गाड़ी को क्रेन के सहारे कोर्ट लाया जाएगा।

Translate »