खेल डेस्क. एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में भारत के अमित पंघल, शिव थापा, आशीष, निखत जरीन और सरिता देवी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं हैं। शिव ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में किर्गिस्तान के सेइतबेक उलू को 4-1 से हराकर क्वार्टरफाइनल में अपना स्थान पक्का किया। 37 साल की सरिता ने कोरिया की गोवान सुजिन को हराकर अंतिम-8 में प्रवेश किया। वे चार बार इस टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। सरिता 2003, 2005, 2008 और 2010 में चैम्पियन बनी थीं।
-
एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले अमित ने 52 किलोग्राम भार वर्ग के अंतिम-8 में अपना स्थान पक्का किया। उन्होंने ताइवान के तू पो वेई को 5-0 से हराया। अगले दौर में उनका मुकाबला ओलिम्पिक चैम्पियन हसनबाई दुस्मातोव से होगा।
-
पूर्व वर्ल्ड जूनियर चैम्पियन निखत जरीन ने 51 किलोग्राम भार वर्ग में कम्बोडिया की श्रे पोव नाओ को हराया। पुरुषों के 69 किलोग्राम भार वर्ग में आशीष ने किर्गिस्तान के अब्दुराखमन को 4-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
-
बृजेश यादव को 81 किलोग्राम वर्ग में उज्बेकिस्तान के दिल्होदबेक रुज्मेतोव के हाथों 0-4 से हार मिली। दूसरे राउंड में यादव को कट लगा और वह मुकाबले से बाहर हो गए।
-
सोनिया चहल सोमवार को 57 किलोग्राम भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में उत्तर कोरिया की जो सोन ह्वा से भिड़ेंगी। लवलीना बोरगोहेन चीनी ताइपे की वर्ल्ड चैम्पियन चेन नीन चिन के खिलाफ उतरेंगी।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal
