असियागो (इटली). विंटर ट्रायथलॉन वर्ल्ड चैम्पियनशिप में रूस के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। पुरुष और महिला वर्ग के अलावा अंडर-23 महिला और 2X2 मिक्स्ड रिले में भी रूस के खिलाड़ी जीते। पुरुष वर्ग में रूस के पावेल आंद्रीव चैम्पियन बने। महिला और अंडर-23 कैटेगरी में डारिया रोगोजिना ने टाइटल अपने नाम किए। मिक्स्ड रिले का गोल्ड पावेल और डारिया ने मिलकर दिलाया। पावेल 7वीं बार वर्ल्ड चैम्पियन बने हैं। पुरुष अंडर-23, जूनियर पुरुष, महिला और जूनियर रिले में मेजबान इटली के खिलाड़ी जीते।
महिला कैटेगरी के टॉप-2 में रूसी खिलाड़ी
महिला कैटेगरी में टॉप-2 में रूस की खिलाड़ी रहीं। 23 साल की डारिया ने गोल्ड, यूलिया सुरिकोवा ने सिल्वर और ऑस्ट्रिया की रोमाना स्लाविनेक ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। डारिया ने कुल 1 घंटे 40 मिनट 54 सेकंड में ट्रायथलॉन पूरी की। उन्होंने 37 मिनट 7 सेकंड में रनिंग, 35 मिनट 20 सेकंड में साइक्लिंग और 27 मिनट में स्कीइंग पूरी की। यूलिया ने 1 घंटे 44 मिनट 35 सेकंड और रोमाना ने 1 घंटे 45 मिनट 22 सेकंड का समय लिया।
पुरुष कैटेगरी में 50 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया
माइनस 12 डिग्री तापमान में पुरुष कैटेगरी में 50 खिलाड़ियों ने ट्रायथलॉन में हिस्सा लिया। 36 साल के पावेल ने 1 घंटे 24 मिनट 43 सेकंड का समय निकाला। उन्होंने 8 किमी की रनिंग 32 मिनट 58 सेकंड, 14 किमी की साइक्लिंग 26 मिनट 52 सेकंड और 12 किमी की क्रॉस कंट्री स्कीइंग 23 मिनट 47 सेकंड में पूरी की। दूसरे नंबर पर रूस के ही दिमित्री ब्रेगेडा और तीसरे नंबर पर चेक रिपब्लिक के मारेक रॉचफस रहे।
पावेल और डारिया ने रूस को मिक्स्ड रिले का गोल्ड दिलाया
2X2 मिक्स्ड रिले इवेंट पहली बार वर्ल्ड चैम्पियनशिप में शामिल किया गया। इसमें पावेल-डारिया की रूसी जोड़ी विजेता बनी। इटली दूसरे और रोमानिया तीसरे नंबर पर रहा। यह रोमानिया का वर्ल्ड चैम्पियनशिप में पहला मेडल है। रिले इवेंट में 10 टीमों ने हिस्सा लिया था। रूसी जोड़ी ने 1 घंटे 57 मिनट 54 सेकंड, इटली की जोड़ी ने 2 घंटे 1 मिनट 38 सेकंड और रोमानिया की जोड़ी ने 2 घंटे 2 मिनट 17 सेकंड का समय लिया। मिक्स्ड रिले में हर टीम में एक पुरुष और एक महिला खिलाड़ी होते हैं। प्रत्येक को 2 किमी रनिंग, 4 किमी साइक्लिंग और 3 किमी क्रॉस कंट्री स्कीइंग के दो-दो लैप करने होते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
[ad_2]Source link
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal





