गृहस्थी का सामान और उपहार देकर किया विदा
मोहन गुप्ता
गुरमा (सोनभद्र)। चुर्क-गुरमा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित गुरमा रामलीला रंगमंच पर आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दो गरीब कन्याओं का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इस पुनीत अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।


समारोह में अजय गौड़, निवासी सतेशगढ़, मिर्जापुर का विवाह बचिया गौड़, निवासी करमडाड़, सोनभद्र के साथ संपन्न हुआ। वहीं, महेंद्र, निवासी खैरपुर, सोनभद्र का विवाह सोनी, निवासी बेलछ, सोनभद्र के साथ हुआ। वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद दोनों नवदंपतियों को उपहार स्वरूप साइकिल, बेड सेट, बक्सा, बर्तन, कपड़े तथा गृहस्थी में उपयोग होने वाली अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। साथ ही नकद राशि देकर उनके नए जीवन की शुरुआत में सहयोग किया गया।
रामलीला मंच पर आयोजित इस अनूठी पहल ने सामाजिक सहयोग और सेवा भावना की मिसाल पेश की। जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में भागीदारी निभाने के इस प्रयास की उपस्थित लोगों ने सराहना की। विवाह समारोह के दौरान उत्साह और भावुकता का माहौल रहा तथा लोगों ने नवदंपतियों को सुखमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आयोजक गौतम यादव अध्यक्ष, राजकुमार मिश्रा, सत्यदेव पाण्डेय, मीनू चौबे तेजधारी यादव, मुलायम सिंह यादव,अजय निषाद, नगर पंचायत अध्यक्ष चोपन उस्मान अली और ओमप्रकाश बादल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं, कार्यक्रम का संचालन चुर्क-गुरमा नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन सैयद कुरैशी ने किया।आदर्श रामलीला कमेटी की इस पहल ने धार्मिक आयोजन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए जरूरतमंद परिवारों के लिए खुशियों का अवसर प्रदान किया।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal