भक्ति रस में सराबोर हुए श्रद्धालु
सोनभद्र। नगर के ऐतिहासिक श्री रामलीला मैदान में 125वें वर्ष की गौरवशाली परंपरा के साथ आयोजित हो रही ऐतिहासिक रामलीला के छठवें दिन ‘आदर्श श्री रामलीला मंडल पिपलेश्वर धाम (सिंगरौली)’ के कुशल एवं अनुभवी कलाकारों ने भगवान श्री राम और माता सीता के पावन विवाह के साथ-साथ चारों भाइयों के विवाह प्रसंग का अत्यंत सजीव, मनमोहक और भावपूर्ण मंचन किया। महर्षि विश्वामित्र के आदेश से जनकपुरी में चारों राजकुमारों के भव्य परिणय उत्सव के दृश्यों को इतनी जीवंतता के साथ प्रस्तुत किया गया कि पूरा रामलीला मैदान ‘जय श्री राम’ और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।


कलाकारों द्वारा दिखाया गया कि राजा जनक द्वारा अयोध्यापति राजा दशरथ को शुभ संदेश भेजा जाता है। इसके पश्चात राजा दशरथ भव्य बारात लेकर मिथिलापुरी पहुंचते हैं, जहां राजा जनक और जनकपुरी वासियों द्वारा बारात का अभूतपूर्व स्वागत-सत्कार किया जाता है। शास्त्रीय विधि-विधान के साथ गुरु वशिष्ठ और महर्षि विश्वामित्र के मार्गदर्शन में भगवान श्री राम का विवाह माता सीता के साथ, राजकुमार लक्ष्मण का विवाह उर्मिला के साथ, राजकुमार भरत का माण्डवी के साथ और राजकुमार शत्रुघ्न का विवाह श्रुतकीर्ति के साथ संपन्न होता है। विवाह के पावन दृश्य पर पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर पुष्प वर्षा करने लगे और संपूर्ण वातावरण भजनांजलि व बधाइयों से संगीतमय हो उठा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप सदर विधायक भूपेश चौबे, अध्यक्ष पवन जैन, राकेश, प्रमोद, आनंद मिश्रा, डॉक्टर धर्मवीर तिवारी, अनिल द्विवेदी, विमल अग्रवाल, चंदन केसरी, राम प्रसाद यादव, चंद्र कुमार केजरीवाल, राजेश जायसवाल और विनय जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal