दो बाईक की टक्कर में तीन युवक घायल, दो की हालत नाज़ुक

मोहन गुप्ता

गुरमा पुलिस चौकी क्षेत्र के मारकुंडी-चिरुई मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक हादसा हुआ। सात नंबर पहाड़ी कटिंग के पास तीन मोहानी पर दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। इस हादसे में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजे मकरीबारी निवासी अरविंद पाल (16) पुत्र सदानंद पाल अपनी मोटरसाइकिल से मारकुंडी से मकरीबारी जा रहे थे। तभी सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। बताया गया है कि दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे।

टक्कर के बाद दोनों मोटरसाइकिलों के सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की। उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी।

इस हादसे में रविरंजन (16) पुत्र मनीलाल, सुक्खू (20) पुत्र रामप्रसाद बैगा और सोनू (15) पुत्र शंकर बैगा घायल हुए हैं। ये तीनों युवक मारकुंडी के तेलाई चकरिया टोला के निवासी हैं। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। लोगों ने यहां यातायात व्यवस्था सुधारने और वाहन चालकों की रफ्तार पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Translate »