पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बहाल कराया यातायात
मोहन गुप्ता
गुरमा-सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र की खतरनाक मानी जाने वाली मारकुंडी पुरानी घाटी में रविवार की देर रात सलोनी तेल से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा रात करीब 11 बजे घाटी उतरते समय तीसरे मोड़ पर हुआ। गनीमत रही कि ट्रक में सवार चालक और खलासी हादसे में बाल-बाल बच गए। दोनों को हल्की-फुल्की चोटें आईं। बताया गया कि ट्रक राबर्ट्सगंज से चोपन की ओर जा रहा था। मारकुंडी पुरानी घाटी के तीसरे मोड़ पर उतरते समय अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। ट्रक में लदा तेल सड़क पर फैलने से भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना


करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही गुरमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क पर पलटे ट्रक को हटवाने की व्यवस्था कराई और यातायात को सुचारु कराया। हादसे में चालक और खलासी के सुरक्षित बच जाने से लोगों ने राहत की सांस ली।
मारकुंडी घाटी में हादसे रोकने की जरूरत
स्थानीय लोगों का कहना है कि मारकुंडी घाटी में आए दिन वाहन अनियंत्रित होकर पलटते अथवा घाटी की ओर खिसक जाते हैं। इसके बावजूद दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए स्थायी इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। लोगों ने घाटी के खतरनाक मोड़ों पर मजबूत सुरक्षा रेलिंग, पर्याप्त संकेतक, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में बड़े हादसे को टाला जा सके। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मारकुंडी घाटी से होकर रोजाना बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal