सडक चौड़ीकरण के मिट्टी से गली के मुख्य द्वार पर कीचड़, दर्जनों परिवार परेशान

शाहगंज बाजार के ओड़हथा ग्राम पंचायत में घोरावल रोड पर स्थित प्रकाश सर्विस सेंटर के पास वाली गली में रहने वाले दर्जनों परिवार परेशान हैं। सड़क चौड़ीकरण के काम से निकली मिट्टी को गली के मुख्य द्वार पर फैला दिया गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है।

गली की सड़क पहले से ही टूटी हुई थी और अब कीचड़ से भर गई है। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों और बड़े-बुजुर्गों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है। यह समस्या उनके लिए मुसीबत का सबब बन गई है। स्थानीय निवासी राहुल सिंह पटेल ने बताया कि ‘हर घर नल योजना’ का पाइप भी टूट गया है। इसकी वजह से गली में पानी की सप्लाई भी बंद हो गई है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। लोगों ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण करवा रही कंपनी के कर्मचारी बारिश के मौसम में अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं जिससे उन्हें हर दिन नई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी राहुल सिंह पटेल, अरविंद मौर्य, शिवपूजन विश्वकर्मा, जितेंद्र चौधरी, आशीष मौर्य और रामू केशरी ने जिलाधिकारी से कीचड़ भरी गली में सड़क की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

Translate »