धंधरौल बांध का सैर बना काल, युवक ने गवाई जान

युवकों की बाइक खड़ी बाइक से टकराई, एक की मौत, दूसरा गंभीर से घायल

करमा थाना क्षेत्र के बारी महेवा गांव निवासी दो युवक पिकनिक मनाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सजौर के समीप उनकी बाइक एक खड़ी बाइक से टकरा गई। हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार किशन मौर्य (25 वर्ष) पुत्र सुभाष मौर्य उर्फ मुन्ना तथा राजेश चौहान (23 वर्ष) पुत्र नंदू चौहान, निवासी बारी महेवा, थाना करमा बुधवार को पिकनिक मनाने के लिए पहले डोगिया बांध गए थे। इसके बाद दोनों धंधरौल बांध पहुंचे। बताया जा रहा है कि शाम को दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सजौर, राबर्ट्सगंज के समीप उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी एक अन्य बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आस-पास के लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां किशन मौर्य ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राजेश चौहान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।पुलिस ने मृतक किशन मौर्य के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Translate »