पिकनिक मनाने गए युवक का पैर फिसला युवक घायल, इलाज के दौरान तोड़ा दम

मोहन गुप्ता

गुरमा (सोनभद्र)। मारकुंडी घाटी के झरने में पिकनिक मनाने गए युवक के लिए मौज-मस्ती का पल उस समय मातम में बदल गया, जब स्नान के दौरान पैर फिसलने से वह पत्थर पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, गुरमा पुलिस चौकी क्षेत्र के मारकुंडी घाटी के नीचे भुईहरिया के समीप मारकुंडी गांव के करीब आधा दर्जन युवक पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान झरने में स्नान करते समय सूबेदार यादव उर्फ मुन्ना (35) पुत्र भोला यादव का अचानक पैर फिसल गया और वह पत्थर पर जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

साथियों ने आनन-फानन में घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे ने झरनों और जलस्रोतों पर बरती जाने वाली लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Translate »