शाहगंज-सोनभद्र। स्थानीय बाजार सहित खजुरी खुर्द गांव और अन्य इलाकों में बुधवार को ईद मिलाद-उन-नबी का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह त्योहार इस्लाम धर्म के अंतिम पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस अवसर पर एक भव्य जुलूस भी निकाला गया।


त्योहार से एक दिन पहले ही मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने घरों को झालरों और झंडों से सजाया। सड़कों पर बड़े-बड़े तोरण द्वार बनाए गए और उन्हें गुब्बारों व रंगीन पन्नियों से सजाया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया।


शाहगंज राजपुर रोड से शुरू हुए जुलूस में सजी हुई गाड़ियां, झंडे लिए बच्चे और मोटरसाइकिल पर सवार सैकड़ों लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान डीजे पर पैगंबर की शान में ‘नात’ (प्रशंसात्मक कविताएं) पढ़ी गईं और नारे लगाए गए। यह जुलूस राजपुर रोड से प्रारंभ होकर घोरावल रोड स्थित हनुमान मंदिर तिराहा से खजुरी गांव तक गया और फिर वापस शाहगंज मस्जिद


के पास आकर समाप्त हुआ। जुलूस में शामिल लोगों ने बताया कि इस पवित्र दिन मस्जिदों और घरों में विशेष इबादत की जाती है। कुरआन की तिलावत और नमाज अदा करने के साथ-साथ गरीबों और जरूरतमंदों को खाना खिलाया जाता है और दान दिया जाता है। इस जुलूस में बेलाटांड ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इरशान खान, लियाकत, बक्कू खां, शमशेर, फिरोज, सच्चे खां, अनवर, परवेज, रसूल, बरकत, सेराज, रियाज, अहमद, लतीफ़, रसीद, शकील, बद्री, दानिश, गोलू, मुख़्तार, मुज्तबा सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी राहुल पांडेय और थाना एसआई राजेश दूबे सहित अन्य पुलिसकर्मी पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात रहे।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal