शाहगंज सबस्टेशन की 15घंटे से बिजली गुल

शाहगंज क्षेत्र के सबस्टेशन शाहगंज में सोमवार शाम से विद्युत आपूर्ति बाधित है। रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण पिछले 15 घंटे से बिजली गुल है, जिससे सैकड़ों गांवों में अंधेरा छाया हुआ है। खजुरी, बरवा, अरंगी और गौरीशंकर सहित कई फीडर बंद पड़े हैं।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य ईश्वरी प्रताप सिंह ने बताया कि खजुरी फीडर में सिद्धि गांव में एक विद्यालय के ऊपर से तार हटाने के लिए सोमवार दोपहर से विद्युत आपूर्ति बंद की गई थी। देर शाम तक यह आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी और अचानक हुई बारिश के कारण इसे फिर से चालू नहीं किया जा सका।
सिंह ने यह भी कहा कि यदि केवल एक गांव की लाइन बंद करके काम किया जाता, तो पूरा फीडर बंद नहीं होता। खजुरी फीडर सोमवार दोपहर से ही बंद है। सेलफोन पर सोमवार रात 8:30 बजे कंट्रोल रूम विद्युत आपूर्ति बाधित होने की जानकारी ली गई तो बताया गया कि सबस्टेशन शाहगंज में अभी दो घंटे की रोस्टीग है सभी फीडर ब्रेक डाउन में हैं रोस्टींग खत्म होने के बाद प्रयास किया जाएगा।
विद्युत आपूर्ति बहाल न होने से स्थानीय उपभोक्ताओं में बिजली विभाग के कर्मचारियों के प्रति असंतोष है। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो पाई थी।

Translate »