शाहगंज-सोनभद्र। शाहगंज में नागपंचमी पर्व पर सैकड़ों बाल कांवरियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। गौरीशंकर मंदिर ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के नारों से गूंज उठा। यह आयोजन पिछले वर्षों की तरह इस बार भी उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। शाहगंज क्षेत्र के आस-पास के गांवों से सैकड़ों लड़के-लड़कियां गेरुआ वस्त्र धारण कर सोमवार सुबह महामाया मंदिर के पास एकत्रित हुए।


उन्होंने पास के तालाब से पवित्र जल भरा। डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए ये बाल कांवरिए शाहगंज-राजपुर रोड पर आगे बढ़े। रास्ते में प्राचीन हनुमान मंदिर होते हुए वे संकटमोचन हनुमान मंदिर तिराहा पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया। लगभग 8 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर इन छोटे कांवरियों ने गौरीशंकर मंदिर में स्थित भगवान शिव पर जलाभिषेक किया।


बच्चों के इस उत्साह को देखते हुए स्थानीय लोगों ने जगह-जगह उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बाल कांवरियों के लिए बिस्कुट, जलेबी, मिठाई और पानी की व्यवस्था भी की। इस दौरान बाल कांवरियों के लिए स्थानीय बंटी मोदनवाल, आलोक पटवा, राहुल, छोटू पटेल, महेंद्र श्रीवास्तव, गोलू केशरी, हरिओम, प्रिंस, धीरज, शिवम्, विकास, विरेन्द्र मोदनवाल, आदित्य, कुनाल , धीरज लाल सहित अन्य लोगों ने आर्थिक सहयोग व सामान देकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal