मोहन गुप्ता
गुरमा-सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मारकुंडी घाटी में सोमवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूली बस का ब्रेक फेल हो गया। बस अनियंत्रित होकर घाटी से टकरा गई। चालक की सूझ-बूझ से बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।


जानकारी के अनुसार हरि सेवानंद स्कूल की बस छुट्टी के बाद मारकुंडी, सलखन, पटवध, चोपन समेत अन्य क्षेत्रों के बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। मारकुंडी पुरानी घाटी के दुर्गा मंदिर के पास दूसरे मोड़ पर उतरते समय अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को घाटी की ओर मोड़कर टकराते हुए रोक दिया। घटना के बाद सभी बच्चों को दूसरी बस से सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया। बच्चों के सुरक्षित होने की जानकारी मिलते ही अभिभावकों ने राहत की सांस ली। हालांकि, अभिभावकों ने पुरानी स्कूली बसों के संचालन पर चिंता जताते हुए वाहनों की जांच कराने तथा पुरानी बसों की जगह नई बसों का संचालन कराने की मांग की है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal