आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर जला, आपूर्ति ठप

मोहन गुप्ता

गुरमा (सोनभद्र)। सदर विकास खंड क्षेत्र के अंतर्गत मारकुंडी मुख्य मार्ग स्थित बैराज मोड़ पर रविवार देर रात आकाशीय बिजली गिरने से 250 केवी का विद्युत ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रांसफार्मर जलने के कारण मारकुंडी मुख्य बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे व्यापारियों, लघु उद्योग संचालकों और आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली गुल होने से दुकानों का कामकाज प्रभावित हो रहा है, वहीं छोटे उद्योगों का संचालन भी ठप पड़ गया है। क्षेत्रवासियों ने जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। पूर्व प्रधान श्रवण कुमार, गौतम शर्मा, मुनीब, मुन्ना, सभाजीत भारती, सुमेर, गणेश विश्वकर्मा, सलाउ, तथा संजय जायसवाल सहित कई ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है। इस संबंध में सलखन विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) अतुल कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की सूचना विभाग को मिल चुकी है। नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने और विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग समस्या के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।

Translate »