उपमहानिरीक्षक कारागार ने किया जिला कारागार का निरीक्षण

गुरमा (सोनभद्र) | कारागार महानिदेशक पी०सी० मीना के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को उप महानिरीक्षक कारागार (मुख्यालय) राम धनी द्वारा जिला कारागार, सोनभद्र का विस्तृत निरीक्षण किया गया। लगभग दो घंटे तक चले इस गहन निरीक्षण के दौरान कारागार की सुरक्षा, सफाई और व्यवस्थापकीय स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया। सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं का निरीक्षण के दौरान उप महानिरीक्षक ने निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं की समीक्षा की।

सुरक्षा एवं निगरानी: मुख्य प्राचीर (बाउंड्री वॉल) की भौतिक स्थिति और सी०सी०टी०वी० कैमरों की कार्यप्रणाली को जांचा गया।

बल की तैनाती: कारागार में सुरक्षा कर्मियों एवं अधिकारियों के स्वीकृत पदों के सापेक्ष वर्तमान तैनाती की समीक्षा की गई।

खान-पान व बैरक : बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, महिला बैरक, पाकशाला (रसोई), चिकित्सालय, किशोर बैरक तथा पुरुष बैरकों की स्थिति का अवलोकन किया गया।

बंदियों से संवाद: निरीक्षण अधिकारी ने विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं तथा सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

जेल प्रशासन के साथ समीक्षा निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने उप महानिरीक्षक (मुख्यालय) को कारागार की वर्तमान समस्याओं से विस्तार से अवगत कराया, साथ ही उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

व्यवस्थाओं पर दिखा संतोष
पूरा निरीक्षण शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ। कारागार की साफ-सफाई, सुरक्षा प्रबंधों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को देखकर निरीक्षण कर्ता अधिकारी पूर्णतः संतुष्ट नजर आए।

उपस्थिति
निरीक्षण के अवसर पर जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्रा, जेल चिकित्साधिकारी डॉ० कुमार गौरव, जेलर अरविन्द कुमार सिन्हा, उप जेलर शशांक पटेल, उप जेलर गौरव कुमार, उप जेलर गरिमा कुमारी समेत अन्य अधिकारी एवं सुरक्षा कर्मी उपस्थित रहे।

Translate »