नवविवाहित दंपती के मिलें सड़े-गले शव, पुलिस जांच में जुटी

मोहन गुप्ता
गुरमा (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। घाटी की गहरी खाई में एक नवविवाहित दंपती के सड़े-गले शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शवों की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई होगी। मृतकों की पहचान राहुल यादव (30 वर्ष) पुत्र बबलू यादव, निवासी बिच्छी, रॉबर्ट्सगंज, तथा उनकी पत्नी इंद्रावती उर्फ चंदा (24 वर्ष) पुत्री बबुंदर यादव, निवासी सलखन, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों की शादी इसी वर्ष मई माह में हुई थी। बताया जा रहा है कि राहुल अपनी पत्नी

इंद्रावती को लेकर बिच्छी से सलखन स्थित उसके मायके जा रहा था। इसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने मारकुंडी घाटी की गहरी खाई में दो शव पड़े देखे, जिसके बाद तत्काल गुरमा पुलिस चौकी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गुरमा चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने खाई से दोनों शवों को बाहर निकलवाया। शव पूरी तरह सड़ चुके थे और उनमें कीड़े पड़ चुके थे, जिससे प्रथम दृष्टया पहचान करना कठिन हो रहा था। घटनास्थल के समीप एक मोटरसाइकिल भी मिली, जिसके आधार पर मृतकों की पहचान की पुष्टि की गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सड़क दुर्घटना, आत्महत्या अथवा अन्य किसी संभावित कारण सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। नवविवाहित दंपती की मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा सभी संभावित तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Translate »