मिट्टी की दीवार गिरने से 5 वर्षीय बालिका की मौत

मोहन गुप्ता

गुरमा (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के सलखन बाजार में सोमवार शाम हुई मूसलाधार बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में मिट्टी की दीवार गिरने से 5 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलखन निवासी गुड्डू की पुत्री अंशिका तेज बारिश से बचने के लिए घर के पास स्थित प्लास्टिक से ढके एक कच्चे मकान में बैठी थी। इसी दौरान अचानक मिट्टी की दीवार भरभराकर उसके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बालिका की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे मलबे से बाहर निकालकर तत्काल स्थानीय अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बालिका ने दम तोड़ दिया। बालिका की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। लगातार हो रही बारिश के कारण जर्जर कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों के सामने सुरक्षा का गंभीर संकट भी खड़ा हो गया है।

Translate »