संयुक्त निरीक्षण के दौरान बंदियों की समस्याएं सुनीं

गुरमा (सोनभद्र)। जिला कारागार में बुधवार को त्रैमासिक संयुक्त आकस्मिक निरीक्षण अधिकारियों के द्गवारा किया गया। लगभग डेढ़ घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता एवं बंदियों की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महिला एवं पुरुष बंदियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं भी सुनी गईं तथा बच्चों को चॉकलेट वितरित की गई।

निरीक्षण में जनपद न्यायाधीश/सत्र न्यायाधीश राम सुलीन सिंह, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से भाग लिया। उनके साथ सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राहुल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पंकज तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा भी उपस्थित रहे।अधिकारियों ने निरीक्षण की शुरुआत महिला बैरक से की। इसके बाद पाकशाला, चिकित्सालय तथा विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया गया। पाकशाला में बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई तथा बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का भी गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण उपरांत अधिकारियों ने कारागार में व्यवस्थाओं, स्वच्छता एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की। इस अवसर पर जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि संवेदनशील बंदियों के प्रति विशेष सतर्कता बरती जाए तथा कारागार में सुरक्षा एवं अनुशासन की व्यवस्था निरंतर सुदृढ़ बनाए रखी जाए।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal