गुरमा-सोनभद्र। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह एवं ‘फिट इंडिया’ अभियान के अंतर्गत गुरमा जेल में 18 जून 2026 को योग एवं ध्यान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जेल प्रशासन के सहयोग से धनवन्तरी पतंजलि योग संस्थान एवं सेवा भारती (उत्तर प्रदेश) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।

आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को योग और ध्यान के माध्यम से मानसिक तनाव से राहत प्रदान करना, उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित करना है। कार्यक्रम में जेल कर्मियों को भी योगाभ्यास कराया जाएगा। शिविर में योग गुरु एवं वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर आचार्य अजय कुमार पाठक विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके निर्देशन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि नियमित योग अभ्यास से आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास होता है। कार्यक्रम के आयोजन में धनवन्तरी पतंजलि योग संस्थान के अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका है, जबकि सेवा भारती उत्तर प्रदेश की टीम भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग कर रही है। रमेश कुमार सिंह ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह शिविर बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। उक्त आशय की जानकारी अरुण कुमार मिश्र जिला कारागार अधीक्षक द्वारा दी गई है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal