मोहन गुप्ता
गुरमा (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के सलखन भठवां टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप गुरुवार रात एक युवक ने कथित रूप से पारिवारिक कलह से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया, जबकि 21 जून को होने वाली उसकी बहन की शादी की तैयारियां भी शोक में बदल गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय उम्र लगभग 28 वर्ष पुत्र तेजबली, निवासी सलखन भठवां

टोला गुरुवार रात अपने कमरे में चले गए। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों को संदेह हुआ। जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो विजय का शव कमरे में लगे पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। यह देखकर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना तत्काल चोपन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, विजय दो बच्चों के पिता थे और पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवादों को लेकर मानसिक तनाव में थे। बताया गया कि परिवार में उनकी बहन उर्मिला की शादी आगामी 21 जून को होनी थी, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। लेकिन इस दर्दनाक घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। चोपन पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal