दो बच्चों की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

मोहन गुप्ता

गुरमा (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के रजधन गांव में गुरुवार रात एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रजधन गांव निवासी रानी (लगभग 30 वर्ष), पत्नी श्यामसुंदर वर्मा, काफी देर तक घर से बाहर नहीं निकलीं। इस पर परिजनों को संदेह हुआ। जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो रानी का शव कच्चे मकान के बडेर से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की सूचना तत्काल पीआरबी 112 और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतका के पति श्यामसुंदर वर्मा पुणे में मजदूरी का कार्य करते हैं। मृतका अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। फिलहाल मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले को लेकर गांव में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Translate »