घाघर नदी में डूबने से किशोरी की मौत

मोहन गुप्ता

गुरमा (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के मोरईया टोला के समीप घाघर नदी में डूबने से एक 16 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया तथा पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांदनी (16 वर्ष), पुत्री राम केवल, निवासी नवका टोला, सलखन, किसी कारणवश घाघर नदी के किनारे गई थी। इसी दौरान वह नदी के गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना तत्काल चोपन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। घटना के संबंध में परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, किशोरी की असामयिक मृत्यु से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।स्थानीय लोगों ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा बरसात और जलभराव के मौसम में लोगों को सतर्क रहने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Translate »