नन्हे कदम चलें स्कूलों की ओर

विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र)। बच्चों की किलकारियों और आधी रोटी खाएंगे फिर भी पढ़ने जाएंगे जैसे गगनभेदी नारों से शनिवार को बीजपुर का पूरा इलाका गुंजायमान हो उठा।अवसर था स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली गई भव्य जागरूकता रैली का। बेसिक शिक्षा अधिकारी

सोनभद्र और खंड शिक्षा अधिकारी म्योरपुर के मार्गदर्शन में कंपोजिट विद्यालय बीजपुर द्वारा इस रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाध्यापक नेहा श्रीवास्तव और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विश्राम सागर ने छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर और हरी झंडी दिखाकर किया। स्कूली बच्चों की यह टोली विद्यालय परिसर से निकलकर पुनर्वास होते हुए स्थानीय बाजार तक पहुंची। रैली के दौरान बच्चों ने कई प्रेरक नारे लगाए। बाजार के व्यापारियों और अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और इस अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष सुधा देवी ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार के परिषदीय और कंपोजिट विद्यालय सभी आधुनिक संसाधनों और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस हो चुके हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का प्रवेश कराकर उन्हें नियमित स्कूल भेजें। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विश्राम सागर ने भी शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए अभिभावकों को उनके दायित्वों के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान शिक्षकों ने केवल सड़क पर मार्च ही नहीं किया बल्कि रास्ते में पड़ने वाले टोलों और घरों में जाकर अभिभावकों से व्यक्तिगत संवाद भी किया।शिक्षकों ने शिक्षा की महत्ता बताते हुए बच्चों के नामांकन के लिए प्रेरित किया। इस जागरूकता अभियान में शिक्षक संकुल देवनारायण गुप्ता,शीलम, किरन,विमिलेश यादव सहित भारी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक उपस्थित रहे।

Translate »