‘फायर सेफ्टी’ का लाइव डेमो, छात्रों ने सीखा आग से बचाव का हुनर

डीएवी रिहंद में ‘फायर सेफ्टी’ का लाइव डेमो, छात्रों ने सीखा आग से बचाव का हुनर ।।

विजय सोनी

बीजपुर (सोनभद्र) डीएवी पब्लिक स्कूल में गुरुवार को सुरक्षा जागरूकता का अनोखा नज़ारा देखने को मिला, जब सीआईएसएफ अग्निशमन विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को आग से निपटने के आधुनिक और प्रभावी तरीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों ने न सिर्फ आग बुझाने की तकनीकें समझीं, बल्कि खुद उपकरण चलाकर ‘फायर फाइटर’ बनने का

अनुभव भी हासिल किया। सीआईएसएफ के उप निरीक्षक फायर परमजीत सिंह, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल के.सी. बेहरा एवं डीसीपीओ भूप सिंह ने विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने आग के चार प्रमुख प्रकार—ए, बी, सी और डी—की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि किस प्रकार की आग पर कौन-सा उपकरण प्रभावी होता है। प्रशिक्षण के दौरान घास-फूस, पेट्रोल, मिट्टी तेल, एलपीजी गैस और विद्युत से लगने वाली आग को बुझाने के अलग-अलग तरीकों का लाइव प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने फायर एक्सटिंग्विशर का प्रयोग कर आग बुझाने की तकनीक को बारीकी से सीखा, जिसमें छात्राओं की भागीदारी भी सराहनीय रही। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार ने स्वयं फायर एक्सटिंग्विशर उठाकर जलती आग को बुझाया और छात्रों को प्रेरित किया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सही तकनीक अपनानी चाहिए।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स अंजली सिंह, खुशबू, अथर्व प्रताप सिंह, अभय मिश्रा, ध्रुव वत्स सहित कई विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कक्षा 3 से 12 तक के सभी छात्रों ने इस प्रशिक्षण में भाग लेकर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का परिचय दिया। अंत में प्राचार्य ने सीआईएसएफ की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण विद्यार्थियों को न केवल जागरूक बनाते हैं, बल्कि उन्हें आपात स्थितियों में साहस और समझदारी से काम लेने के लिए भी तैयार करते हैं। कार्यक्रम में डॉ. आर.के. झा सहित पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Translate »