स्कूल चलो अभियान रैली ने जगाई शिक्षा की अलख ।।
विजय सोनी
बीजपुर (सोनभद्र)। बेसिक शिक्षा अधिकारी सोनभद्र एवं खंड शिक्षा अधिकारी म्योरपुर के मार्गदर्शन में मंगलवार को कंपोजिट विद्यालय नेमना द्वारा स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाध्यापक सुमन वर्मा ने हरी

झंडी दिखाकर किया। रैली में शामिल बच्चों ने गगनभेदी नारों— “आधी रोटी खाएंगे, फिर भी पढ़ने जाएंगे”, “एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा”, “हिंदू मुस्लिम सिख इसाई, सब मिलकर करें पढ़ाई” और “पापा-मम्मी हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलो नाम लिखाओ”—के साथ पूरे क्षेत्र में शिक्षा का संदेश फैलाया। यह जागरूकता रैली नेमना के पनीकान बस्ती से होते हुए भंटाबारी टोले तक पहुंची, जहां ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राधेश्याम गुर्जर ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए रैली में सहभागिता किया। पूरे क्षेत्र में बच्चों के नारों से माहौल शिक्षा के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर राधेश्याम गुर्जर ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराकर नियमित रूप से पढ़ाई के लिए भेजें। वहीं विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष लाले राम वैश्य ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित परिषदीय एवं कंपोजिट विद्यालय अब आधुनिक संसाधनों और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से सुसज्जित हो चुके हैं, इसलिए अभिभावकों को भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए बच्चों को स्कूल भेजना चाहिए। रैली के दौरान शिक्षकों ने घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद किया और बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर शिक्षक मनोज कुमार दुबे, ज्वाला प्रसाद, दिग्विजय सिंह यादव, शिक्षिका उर्मिला विश्वकर्मा सहित अभिभावक एवं ग्रामीण—सुशील कुमार गुप्ता और चंद्रिका वैश्य उपस्थित रहे। स्कूल चलो अभियान की इस रैली ने न केवल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि समाज को एकजुट होकर हर बच्चे को शिक्षित बनाने का संदेश भी दिया।।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal