सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक समरसता का होगा संगम।।
विजय सोनी
बीजपुर (सोनभद्र)। भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं महान समाज सुधारक डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर बुधवार की रात्रि जरहां ग्राम पंचायत के टोला चेतवाँ में एक भव्य बिरहा मुकाबले का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन सरकारी विद्यालय के समीप खुले मैदान में संपन्न होगा, जहां क्षेत्र के सैकड़ों लोगों के जुटने की संभावना है। कार्यक्रम में बिरहा लोकगायन की दुनिया के चर्चित गायक राजकुमार यादव अपनी दमदार प्रस्तुति से समां बांधेंगे, वहीं प्रसिद्ध बिरहा गायिका सीमा कौशल अपनी सुरमयी आवाज से दर्शकों को भाव-विभोर करेंगी। दोनों कलाकारों के बीच

होने वाला यह मुकाबला न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि सामाजिक मुद्दों और डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त मंच भी साबित होगा। इस आयोजन की कमान रजमिलान ग्राम प्रधान एवं समाजसेवी बद्री नाथ ने संभाली है, जिनके प्रयासों से यह सांस्कृतिक कार्यक्रम हर वर्ष भव्यता के साथ आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को जनमानस तक पहुंचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस बिरहा मुकाबले का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था एवं दर्शकों के बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करें। यह आयोजन न सिर्फ सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रखने का प्रयास है, बल्कि सामाजिक एकता, समरसता और जागरूकता का भी प्रतीक बनकर उभरेगा, जहां बिरहा की गूंज के साथ बाबा साहेब के संदेश दूर-दूर तक फैलेंगे।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal